
जबलपुर। अधारताल थाना अंतर्गत रविन्द्र नगर में शातिर चोरों ने बैंक के एक सीनियर एसोसिएट के सूने मकान को निशाना बनाया। चोरों ने न सिर्फ अलमारी में रखे लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ किया, बल्कि पकड़े जाने के डर से घर में लगा वाईफाई सीसीटीवी कैमरा भी उखाड़कर अपने साथ ले गए। वारदात के वक्त पीड़ित अपनी बीमार मां को लेकर अस्पताल गए हुए थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रविन्द्र नगर जेडीए पंप हाउस के सामने निवासी अंकुर तिवारी (38) अधारताल स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में सीनियर एसोसिएट के पद पर पदस्थ हैं। उनके पिता बीते 18 जून से घर से बाहर थे। इसी बीच, 27 जून की रात लगभग 10 बजे अंकुर की मां की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद वे उन्हें इलाज के लिए संजीवनीनगर स्थित अस्पताल ले गए थे। घर पूरी तरह सूना था। घटना के संबंध में पीड़ित अंकुर तिवारी ने बताया कि जब वे अगली सुबह रविवार को घर वापस लौटे, तो मुख्य गेट पर ताला लगा हुआ था। लेकिन जैसे ही वे भीतर पहुंचे, अंदर के दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। कमरे का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। आलमारी का सारा सामान फर्श पर बिखरा पड़ा था और जेवरातों के डिब्बे खाली पड़े थे।
मोबाइल पर फुटेज देखी, सुबह 4:30 बजे घुसा था चोर अंकुर के घर पर वाईफाई सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ था, जो सीधे उनके मोबाइल फोन से कनेक्टेड था। वारदात का पता चलते ही जब उन्होंने अपने मोबाइल पर कैमरे की बैकअप फुटेज चेक की, तो उसमें सुबह करीब 4:30 बजे एक अज्ञात नकाबपोश चोर घर के भीतर दाखिल होता दिखाई दिया। शातिर चोर ने चोरी करने के बाद पहचान छुपाने और सबूत मिटाने के लिए दीवार पर लगा कैमरा भी उखाड़ लिया और फरार हो गया। चोर सोने, चांदी के जेवर, टाइटन कंपनी की 4 कलाई घड़ियां और घर में लगा वाईफाई सीसीटीवी कैमरा, अलमारी में रखी नगदी ले गए।
