
जबलपुर। डुमना एयरपोर्ट पर दिल्ली से आई एक फ्लाइट में सामान (लगेज) निकालने के दौरान धक्का लगने की बात पर दो यात्रियों के बीच में शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक यात्री ने सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता से मारपीट कर दी। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है।
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली से इंडिगो की फ्लाइट डुमना एयरपोर्ट पहुंची थी। इस फ्लाइट में सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता सोहन मुखर्जी भी सवार थे, जो प्रसिद्ध बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान का भ्रमण करने के लिए दिल्ली से जबलपुर आ रहे थे। इसी फ्लाइट में दिल्ली के ही रहने वाले जोगेश बंसल नाम के यात्री भी यात्रा कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब फ्लाइट एयरपोर्ट पर लैंड हुई और यात्री अपना-अपना सामान निकालने लगे, तभी सोहन मुखर्जी और जोगेश बंसल के बीच सामान निकालने के दौरान धक्का लगने की बात पर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते बहस धक्का-मुक्की में बदल गई। इसके बाद आरोपी जोगेश बंसल ने आपा खो दिया और फ्लाइट के अंदर ही अधिवक्ता सोहन मुखर्जी के साथ मारपीट कर दी। विमान के भीतर अचानक हुई इस झड़प से बाकी यात्रियों में भी हड़कंप मच गया। खमरिया थाना प्रभारी राजकुमार खटीक ने बताया कि लगेज निकालने के दौरान यात्रियों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट की घटना हुई है। अधिवक्ता सोहन मुखर्जी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी जोगेश बंसल के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। दूसरे पक्ष जोगेश बंसल की ओर से भी शिकायत दर्ज कराई गई है।
