दुर्लभ रेड सेंड बोआ सांप के साथ तस्कर गिरफ्तार

धार: मध्यप्रदेश के धार जिले में वन विभाग की विशेष टीम ने दुर्लभ एवं संरक्षित प्रजाति के रेड सेंड बोआ सांप को जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में अंतरराज्यीय वन्यजीव तस्करी गिरोह के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है।वन विभाग के सूत्रों के अनुसार वन मंडल अधिकारी विजयानंथम टीआर और उप वन मंडल अधिकारी सरदारपुर सुनील सुलया को मिली सूचना के आधार पर सरदारपुर वन परिक्षेत्र अधिकारी डॉ. शैलेंद्र सोलंकी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घेराबंदी कर बदनावर के कानवन क्षेत्र के समीप ग्राम दुधवाल निवासी कमल पिता विक्रम देवड़ा को हिरासत में लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने रेड सेंड बोआ सांप को उज्जैन जिले के बड़नगर में रहने वाले अपने एक रिश्तेदार के घर पर भूसे के ढेर के बीच एक मटके में छिपाकर रखा है। सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने बड़नगर में दबिश देकर मटके से वन्यजीव को सुरक्षित बरामद कर लिया। कार्रवाई में मनीषपाल राठौड़, प्रताप गोयल, पत्तल सिंह भारती, अर्जुन राठौड़ और रफीक खान सहित वन विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।

वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।वन मंडल अधिकारी ने बताया कि पिछले कुछ समय से बदनावर क्षेत्र में वन्यजीव तस्करी के मामलों में वृद्धि देखी गई है, जिसके चलते विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि इस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि तांत्रिक क्रियाओं, धन-संपत्ति बढ़ाने अथवा अन्य अंधविश्वासों से जुड़े भ्रामक दावों के बहकावे में न आएं। अधिकारियों के अनुसार ऐसे अंधविश्वासों के कारण ही इस दुर्लभ वन्यजीव की अवैध तस्करी को बढ़ावा मिलता है।

Next Post

फ्रांस के म्यूजिक फेस्टिवल में खौफनाक वारदात: महिलाओं पर सिरिंज अटैक और यौन हिंसा से मचा हड़कंप, 243 आरोपी गिरफ्तार

Wed Jun 24 , 2026
पेरिस | फ्रांस के प्रसिद्ध ‘Fête de la Musique’ उत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था तार-तार हो गई। संगीत के इस बड़े आयोजन में चाकूबाजी, यौन उत्पीड़न और महिलाओं पर सिरिंज से हमले की गंभीर घटनाएं सामने आई हैं। पेरिस सहित देश के कई हिस्सों में फैली इस हिंसा ने खुशियों […]

You May Like