खंडवा: हजरत इमाम हुसैन की याद में मनाए जाने वाले मोहर्रम पर्व को लेकर मुस्लिम समाज ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। शहर के विभिन्न इमामबाड़ों में कलाकारों द्वारा आकर्षक ताजियों का निर्माण किया जा रहा है। मोहर्रम पर्व को लेकर समाज में उत्साह का माहौल है और धार्मिक कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय कर ली गई है।
बाबा ग्रुप के सलीम बाबा खलील बाबा रहीम बाबा ने जानकारी देते हुए बताया कि खंडवा शहर में मोहर्रम की 4 और 5 तारीख को अलम यानी सावरियों की स्थापना की गई है। मोहर्रम की उर्दू तारीख 7, यानी 23 जून मंगलवार तथा मोहर्रम की 9 तारीख, 25 जून गुरुवार की देर रात विभिन्न स्थानों से बाबा की सवारियों के चल समारोह निकाले जाएंगे।
ये चल समारोह शहर के कहारवाड़ी क्षेत्र स्थित 12 इमाम से होकर विभिन्न मार्गों से गुजरेंगे और अंत में अपने-अपने मुकाम पर पहुंचेंगे। वहीं मोहर्रम की 10 तारीख, 26 जून शुक्रवार को शाम 5 बजे के बाद सभी सवारियों का विसर्जन छोटी आबना नदी स्थित कर्बला में किया जाएगा। हालांकि कुछ सवारियों का विसर्जन उनके निर्धारित मुकाम पर ही किया जाएगा।
मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और श्रद्धापूर्वक मनाने के लिए मुस्लिम समाज के लोग तैयारियों में जुटे हुए हैं। ताजियों और सवारियों की सजावट का कार्य अंतिम चरण में है तथा पर्व को लेकर शहर में धार्मिक आस्था और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शहर में चप्पे चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की गई नगर निगम द्वारा चल समारोह निकलने वाले रास्तों पर विद्युत व्यवस्था भी की गई
