नई दिल्ली | भारतीय सर्राफा बाजार में आज सोने और चांदी की कीमतों में शानदार उछाल दर्ज किया गया है। पिछले कुछ दिनों से जारी गिरावट पर आज पूर्ण विराम लग गया और बाजार खुलते ही दोनों कीमती धातुओं के दाम तेजी से ऊपर चढ़ने लगे। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में नरमी ने घरेलू बाजार को मजबूती प्रदान की है, जिससे निवेशकों में नई उम्मीद जगी है।
सोने की कीमतों में भारी उछाल
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर आज सोने की कीमतों में बड़ा उछाल आया है। 10 ग्राम सोने की कीमत में लगभग 800 रुपये की बढ़त दर्ज की गई है। अगस्त डिलीवरी वाला सोना 522 रुपये की तेजी के साथ 1,47,725 रुपये पर कारोबार कर रहा है। वहीं, दिल्ली में 24 कैरेट सोने का भाव 1,46,660 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया है।
चांदी ने पकड़ी रॉकेट रफ्तार
सोने के साथ-साथ चांदी में भी भारी तेजी देखने को मिली है। MCX पर 1 किलो चांदी की कीमतों में 4,000 रुपये तक का उछाल आया है। जुलाई डिलीवरी वाली चांदी 1,914 रुपये की बढ़त के साथ 2,35,099 रुपये प्रति किलो पर कारोबार कर रही है। हालांकि, अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरें बढ़ाने की संभावनाओं के बीच बाजार में आगामी दिनों में उतार-चढ़ाव की आशंका बनी हुई है।

