भोपाल। भोपाल से लापता हुआ 6 साल का मासूम अंश चार दिन बाद मथुरा में सुरक्षित मिल गया है। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि मां और सौतेले पिता की डांट से नाराज होकर अंश बिना बताए घर से निकल गया था।
मासूम पैदल चलते हुए भोपाल रेलवे स्टेशन पहुंचा और पातालकोट एक्सप्रेस में सवार होकर मथुरा पहुंच गया। अंश की तलाश में जुटी कोहेफिजा पुलिस ने करीब 500 सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें उसकी गतिविधियों का पता चला।
मथुरा रेलवे स्टेशन पर अकेले मिले अंश को आरपीएफ जवानों ने बाल कल्याण समिति के सुपुर्द किया। सूचना मिलने के बाद भोपाल पुलिस की टीम मथुरा पहुंची और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर बच्चे को सुरक्षित वापस लेकर आई।
पुलिस की जांच में अब तक किसी भी आपराधिक घटना के संकेत नहीं मिले हैं। अंश के सुरक्षित मिलने से परिवार और पुलिस ने राहत की सांस ली है।
