
हरपालपुर। लंबे समय से चिकित्सकीय संसाधनों की कमी से जूझ रहे हरपालपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को आखिरकार स्थाई एमबीबीएस चिकित्सक मिल गया है। नौगांव में सेवाएं दे रहे मेडिकल ऑफिसर डॉ. सौरभ मिश्रा ने हरपालपुर पीएचसी का कार्यभार संभाल लिया। उनकी पदस्थापना से नगर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी संतोष और उत्साह का माहौल है।
स्थाई चिकित्सक के अभाव में अब तक सामान्य बीमारियों से लेकर आपातकालीन स्थिति में आने वाले मरीजों को उच्च स्वास्थ्य केंद्रों के लिए रेफर करना पड़ता था, जिससे समय और संसाधनों दोनों की समस्या बनी रहती थी। नई नियुक्ति के बाद स्थानीय स्तर पर ही अधिक प्रभावी और त्वरित उपचार उपलब्ध होने की संभावना बढ़ गई है।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद डॉ. मिश्रा ने कहा कि उनकी प्राथमिकता प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना होगी। इसके साथ ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी जिम्मेदारी है। वहीं, स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने इस नियुक्ति का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि इससे अस्पताल की कार्यप्रणाली में सुधार आएगा और लोगों को इलाज के लिए बड़े शहरों की ओर रुख करने की आवश्यकता कम पड़ेगी।
