ग्वालियर: बहोड़ापुर थाना क्षेत्र में स्थित एक बैंक में तड़के सेंधमारी कर चोरी का प्रयास करने का मामला सामने आया है. आरोपी बैंक के पीछे बने बाथरूम को तोड़कर अंदर घुसा था. हालांकि जैसे ही चोर बैंक में घुसा तो बैंक के बाहर पुलिस की गाड़ी का सायरन बजने लगा, जिसे सुनते ही चोर घबराकर मौके से फरार हो गया. पूरी गतिविधि बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने एक चोर की पहचान कर दबोच लिया.
यह मामला बहोड़ापुर थाना क्षेत्र का है. यहां मानसिक आरोग्यशाला चौराहे पर पंजाब नेशनल बैंक स्थित है. यहां बैंक के पीछे बनी बाथरूम को तोड़कर चोर बैंक में अंदर घुस गया और यहां चोरी करने का प्रयास किया, लेकिन चोरी करने से पहले ही चोर को पुलिस की आहट हो गई और चोर यहां से भाग निकला. चोर की यह करतूत सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई. बाद में बैंक के अस्सिटेंट मैनेजर अरविन्द सिंह ने मामले की जानकारी पुलिस को दी.
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची. पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान संजय उर्फ बुल्ली भदोरिया के रूप में हुई है, जो पागलखाने तिराहे के पास सुनारों की बगिया इलाके का रहने वाला है. पुलिस ने फिलहाल आरोपी को हिरासत में ले लिया है.पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा. पूछताछ के दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी. क्या वह अन्य चोरी या सेंधमारी की वारदातों में भी शामिल रहा है?
