इंदौर: मजदूरी दिलाने का झांसा देकर महिला के चांदी के आभूषण ठगने वाले शातिर आरोपी को चंदन नगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने जैन मंदिर में काम दिलाने के नाम पर महिला को ग्राम सिंहासा ले जाकर करीब 500 ग्राम चांदी के कड़े उतरवाकर फरार हो गया था. पुलिस ने उसके कब्जे से पूरा मशरूका बरामद कर लिया है.
घटना 12 जून 2026 की सुबह करीब 8 बजे खजराना चौराहे पर मजदूरी के लिए खड़ी महिला को आरोपी ने 600 रुपए प्रतिदिन मजदूरी का लालच दिया और चंदन नगर क्षेत्र में जैन मंदिर में खाना बनाने का काम बताकर अपने साथ बाइक पर बैठाकर ले गया. आरोपी पहले उसे सराफा क्षेत्र ले गया और बाद में ग्राम सिंहासा पहुंचा, जहां उसने मंदिर में गहने पहनकर काम नहीं करने का हवाला देकर महिला से चांदी के आभूषण उतरवा लिए.
इसके बाद मंदिर में बात करने का कहकर आरोपी मौके से फरार हो गया. घटना के बाद महिला ने अपने परिजनों को सूचना दी और डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को जानकारी दी. इस पर चंदन नगर थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी जोन 4 सुनील मेहता के निर्देशन में अतिरिक्त डीसीपी दीशेष अग्रवाल एवं एसीपी शिवेन्दु जोशी के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई. टीम ने घटनास्थल से लेकर पूरे रूट के करीब 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी और उसकी मोटरसाइकिल की पहचान कर घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जितेंद्र पिता शिवनारायण राठौर उम्र 32 साल निवासी कृष्ण बाग कॉलोनी, हाल मुकाम संस्कृति रॉयल बाग, राऊ के रूप में हुई है. पूछताछ में उसने वारदात कबूल कर ली है. पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 500 ग्राम चांदी के कड़े बरामद किए हैं. मामले में डीसीपी जोन 4 सुनील मेहता ने बताया कि आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है और इस तरह की घटनाओं में संलिप्त अन्य कड़ियों की जांच जारी है.
