
भोपाल। मध्यप्रदेश की युवा मुक्केबाज माही लामा का चयन बॉक्सिंग विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम में हुआ है। माही चीन में आयोजित होने वाली इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 60 किलोग्राम भार वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। यह प्रतियोगिता 15 से 20 जून तक चीन में आयोजित की जाएगी। भारतीय टीम शनिवार रात प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए चीन रवाना हो गई।
भोपाल स्थित राज्य मुक्केबाजी अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं माही लामा ने पिछले कुछ वर्षों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की कई प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। लगातार मेहनत और उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के आधार पर उन्होंने भारतीय टीम में स्थान बनाया है।
माही ने कहा कि उनका पूरा ध्यान अब विश्व कप में बेहतर प्रदर्शन करने पर केंद्रित है। उन्होंने देश के लिए पदक जीतकर भारत और मध्यप्रदेश का नाम रोशन करने की इच्छा व्यक्त की।
खेल विशेषज्ञों के अनुसार माही की उपलब्धि प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका मानना है कि मेहनत, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण के बल पर खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकते हैं।
प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने माही लामा को बधाई देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ा रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि माही विश्व कप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत को बड़ी सफलता दिलाएंगी।
