
देवसर । जिले के जियावन थाना क्षेत्र अंतर्गत हथिओदरा-चौराडाड़ जंगल में आज गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। अल्ट्राटेक कंपनी का सीमेंट लेकर जा रहा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में ट्रेलर चालक केबिन के भीतर बुरी तरह फंस गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर सीमेंट लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रहा था। इसी दौरान हथिओदरा जंगल के समीप चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रेलर पलट गया। हादसा इतना गंभीर था कि चालक केबिन में ही फंस गया और बाहर नहीं निकल सका। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय राहगीरों ने मानवता का परिचय देते हुए तत्काल राहत कार्य शुरू किया। लोगों ने अपने स्तर पर चालक को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम भी मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू कराया। चालक को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए जेसीबी मशीन मंगाई गई। रेस्क्यू टीम ट्रेलर के क्षतिग्रस्त हिस्से की कटिंग कर चालक तक पहुंचने का प्रयास कर रही है और काफी मशक्कत के बाद घायल चालक को बाहर निकाला गया और उसे अस्पताल के लिए रवाना किया गया।
