भोपाल:बरकतउल्ला विश्वविद्यालय में परीक्षा मूल्यांकन प्रणाली को डिजिटल बनाने की तैयारी अंतिम चरण में है। सत्र 2026-27 से छात्रों की उत्तरपुस्तिकाओं की जांच ऑनलाइन की जाएगी। इसके लिए परीक्षा के बाद कॉपियों को स्कैन कर डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपलोड किया जाएगा, जहां शिक्षक स्क्रीन पर ही उनका मूल्यांकन कर सकेंगे।
विश्वविद्यालय में करीब साढ़े तीन लाख छात्र अध्ययनरत हैं। नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक उत्तरपुस्तिका को एक यूनिक आईडी दी जाएगी, जिससे उसका रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा और मूल्यांकन प्रक्रिया की निगरानी आसान होगी। अधिकारियों का मानना है कि इससे कॉपियों की जांच में लगने वाला समय कम होगा और पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनेगी।
डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली लागू होने से रिजल्ट भी पहले की तुलना में जल्द जारी किए जा सकेंगे। हालांकि, तकनीकी चुनौतियों को देखते हुए विश्वविद्यालय सावधानी से आगे बढ़ रहा है। फिलहाल नोडल एजेंसी के चयन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद इस नई व्यवस्था को लागू करने की तैयारी शुरू कर दी जाएगी।
