केंद्रीय सिविल सेवा परीक्षा के परिणाम संबंधित भ्रामक दावों के लिए कोचिंग संस्थान पर सात लाख रुपये का जुर्माना

नयी दिल्ली, 30 मई (वार्ता) केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (सीसीपीए) ने वाजीराम एंड रवि आईएएस स्टडी सेंटर एलएलपी पर भ्रामक विज्ञापन प्रकशित कराने के जुर्म में 7,00,000 रुपये का जुर्माना लगाया है।

उपभोक्ता मामले , खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय की शनिवार को जारी एक विज्ञप्ति के मुताबिक मुख्य आयुक्त निधि खरे और आयुक्त अनुपम मिश्रा की अध्यक्षता वाले केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (सीसीपीए) ने पाया कि इस कोचिंग संस्थान ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा (सीएसई) 2023 में सफल हुए उम्मीदवारों के नाम, फोटो और उपलब्धियों का प्रमुखता से इस्तेमाल करते हुए अपने बारे में बड़े-बड़े दावे किए लेकिन इन उम्मीदवारों द्वारा चुने गए विशिष्ट पाठ्यक्रमों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी छिपाई।

प्राधिकरण ने पाया कि कोचिंग संस्थान का यह व्यवहार उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 के उन प्रावधानों का उल्लंघन था जिसमें किसी भी वस्तु या सेवा के संबंध में कोई झूठा या भ्रामक विज्ञापन वर्जित है।

विज्ञप्ति के मुताबिक यूपीएससी सीएसई 2023 के परिणाम घोषित होने के बाद इस संस्थान ने अपने वेबसाइट पर प्रकाशित किया था कि ‘ शीर्ष 10 में से 8 रैंक धारक वाजीराम एंड रवि से हैं।’ इसी तरह शीर्ष 50 में रैंक हासिल करने वाले 37 उम्मीदवार वाजीराम एंड रवि से कोचिंग प्राप्त होने का दावा किया था। संस्थान ने यह भी दावा किया कि ” हर साल, यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा के माध्यम से चयनित होने वाले 30 प्रतिशत से अधिक अधिकारी वाजीराम एंड रवि के छात्र होते हैं।”

विस्तृत जांच के बाद सीसीपीए ने पाया कि उक्त परीक्षा में चुने गये 8 में से 7 उम्मीदवारों ने संस्थान में केवल निःशुल्क साक्षात्कार मार्गदर्शन कार्यक्रम के लिए ही नामांकन कराया था। इसी तरह शीर्ष 37 उम्मीदवारों में से 29 ने उसके यहां केवल निःशुल्क साक्षात्कार मार्गदर्शन कार्यक्रम में ही नामांकन कराया था। हर साल, यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा के माध्यम से चयनित होने वाले 30 प्रतिशत से अधिक अधिकारी वजिराम एंड रवि के छात्र होने के दावे के बारे में जांच से पता चला कि 2021 से 2024 तक इस परीक्षा के सफल उम्मीदवारों में क्रमश: 86.36 प्रतिशत , 78.31 प्रतिशत ,97.56 प्रतिशत और 71.69 प्रतिशत ने इस संस्थान के केवल साक्षात्कार मार्गदर्शन कार्यक्रम में दाखिला लिया था।

 

 

 

 

Next Post

सीमावर्ती जिलों में जनसांख्यिकी बदलाव की सख्त निगरानी करें जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक: शाह

Sat May 30 , 2026
नयी दिल्ली 30 मई (वार्ता) केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारत-पाकिस्तान सीमा से लगे गुजरात के भुज में शनिवार को सीमावर्ती एवं तटीय जिलों से जुड़े सुरक्षा संबंधी विषयों पर एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की जिसमें राज्य सरकार , विशेष रूप से जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक की […]

You May Like