नयी दिल्ली, 06 जून (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रतिष्ठित नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट का खिताब जीतने पर भारतीय ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानानंद को बधाई दी है।
श्री खरगे ने शनिवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, “प्रतिष्ठित नॉर्वे शतरंज खिताब जीतने वाले पहले भारतीय बनने पर हमारे युवा सितारे आर. प्रज्ञानानंद को हार्दिक बधाई। आपकी असाधारण प्रतिभा, धैर्य और अथक दृढ़ संकल्प ने देश को गौरवान्वित किया है। आने वाले वर्षों में आपकी निरंतर सफलता और अनेक उपलब्धियों की कामना करता हूं।”
श्रीमती वाड्रा ने भी एक्स पर अपने संदेश में कहा, “प्रतिष्ठित नॉर्वे शतरंज खिताब जीतने वाले पहले भारतीय बनने पर आर. प्रज्ञानानंद को हार्दिक बधाई। आपकी प्रतिभा, दृढ़ संकल्प और दबाव में शांत रहने की क्षमता ने देश को गौरवान्वित किया है। भविष्य में आपकी और भी ऐतिहासिक सफलताओं की कामना करती हूं।”
गौरतलब है कि प्रज्ञानानंद नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट का खिताब जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं।
