हल्द्वानी में अमेज़न गोदाम में भीषण आग, दो कर्मचारियों की दर्दनाक मौत

हल्द्वानी, 06 जून (वार्ता) उत्तराखंड के हल्द्वानी में अमेज़न गोदाम में शुक्रवार देर रात को भीषण आग लगने से दो कर्मचारियों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात को रामपुर रोड पर स्थित अमेज़न के गोदाम में अचानक आग लग गई है। डायल-112 पर सूचना मिलने पर एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल और प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के साथ ही अग्निशमन बल की टीम मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया।
आग इतनी भीषण थी कि उसे बुझाने के लिए पुलिस और फायर सर्विस की टीमों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। अंत में जब अंदर सर्च अभियान चलाया गया तो दो कर्मचारियों के शव बरामद हुए।
मृतकों की पहचान नरेंद्र प्रसाद (35), निवासी बागजाला, गौलापार तथा अमित आर्य (25) निवासी रामपुर रोड, हल्द्वानी के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि अनुसार दोनों की मौत दम घुटने से हुई।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।

Next Post

रायपुर के बॉम्बे मार्केट सेंट्रल बैंक में आग की घटना

Sat Jun 6 , 2026
रायपुर, 06 जून (वार्ता) छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के बॉम्बे मार्केट स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के जोनल कार्यालय में शनिवार सुबह आग लगने की घटना ने कर्मचारियों में हड़कंप मचा दिया। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जानकारी के अनुसार, बैंक दफ्तर […]

You May Like