नयी दिल्ली 05 जून (वार्ता) राष्ट्रीय राजधानी में मालवीय नगर के एक होटल में बुधवार को लगी भीषण आग की चपेट में आने से मरने वाले लोगों में 13 विदेशी नागरिक हैं और 21 घायल हुए हैं।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को यहां मीडिया ब्रीफिंग में सवालों के जवाब में कहा कि जो सूचना हमें मिली है उसके अनुसार मालवीय नगर हादसे में 13 विदेशी नागरिकों की मौत हुई है और 21 अन्य घायल हुए हैं।
उन्होंने कहा कि जिन 13 विदेशियों की मौत हुई है उनमें मोजाम्बिक से एक, नाइजीरिया से चार , लाइबेरिया से एक, किर्गिस्तान से तीन, उज्बेकिस्तान से एक, बंगलादेश से एक, कांगो से एक और इराक से एक व्यक्ति शामिल है। उन्होंने कहा कि विदेश मंत्रालय इन देशों के दूतावासों के संपर्क में है और उन्हें हर संभव मदद तथा सहायता दी जा रही है। उल्लेखनीय है कि मालवीय नगर में एक होटल में भीषण आग लगने से हुए हादसे में कुल 21 लोग मारे गये हैं और कई घायल हुए हैं। इस हादसे में स्थानीय लोगों, पुलिस अग्निशमन विभाग की तत्परता से काफी लोगों को बचा लिया गया था।

