जबलपुर: संभागीय उडऩदस्ता ने मई माह में 980 वाहनों पर शिकंजा कसते हुए कार्यवाही की बल्कि 53.45 लाख रुपये के चालान भी काटे। अवैध परिवहन, ओवरलोडिंग और दस्तावेजहीन वाहनों के खिलाफ मई माह में सघन अभियान चला ।जानकारी के अनुसार परिवहन आयुक्त मध्यप्रदेश उमेश जोगा के निर्देश पर आरटीओ संभागीय उडऩदस्ता प्रभारी विक्रम सिंह ठाकुर के नेतृत्व में जबलपुर उडऩदस्ता टीम द्वारा मई माह के दौरान अवैध परिवहन, ओवरलोडिंग, बिना वैध दस्तावेजों के माल परिवहन व मोटरयान अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के उल्लंघन के विरुद्ध सघन जांच कर कार्रवाई की।
इस दौरान माल परिवहन में कुल 980 वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई, जिसके तहत 53 लाख 45 हजार रुपये की राजस्व वसूली के लिए चालान बनाए गए। कार्रवाई के दौरान बिना वैध परमिट, फिटनेस, बीमा, कर भुगतान एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों के संचालित पाए गए वाहनों पर नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की गई। संभागीय उडऩदस्ता प्रभारी विक्रम सिंह ठाकुर ने वाहन स्वामियों एवं संचालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखें एवं निर्धारित नियमों एवं भार सीमा का पालन करें। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर मोटरयान अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
