25 साल पुरानी रंजिश में ईंट भट्ठे पर सो रहे युवक की कनपटी पर कट्टा अड़ाकर हत्या

छतरपुर: जिला मुख्यालय के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले तिलवा गांव में मंगलवार-बुधवार की रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक 28 वर्षीय युवक राजाराम कुशवाहा की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। शुरुआती जांच में इस खूनी वारदात की वजह पुराना पारिवारिक और जमीनी विवाद बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
ईंट भट्टे की रखवाली करते समय हुआ हमला
मृतक के भाई वालादीन कुशवाहा ने बताया कि खेत और कुएं के पास उनके परिवार का ईंटों का भट्टा लगा हुआ है। मंगलवार को पूजा-पाठ के बाद भट्टे में आग डाली गई थी, जिसके चलते रात में खेत पर ही पूरे परिवार का खाना-पीना और कार्यक्रम था। देर रात कार्यक्रम खत्म होने के बाद बाकी सदस्य घर लौट गए, जबकि भट्टे की रखवाली के लिए राजाराम कुशवाहा और उसका मंझला भाई कीरथ कुशवाहा खेत पर ही सो गए थे।

वालादीन के अनुसार, रात करीब 12 बजे आधा दर्जन हथियारबंद लोग खेत पर पहुंचे और सोते हुए दोनों भाइयों पर हमला बोल दिया। हमलावरों को देखकर कीरथ ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई, लेकिन आरोपियों ने राजाराम को दबोच लिया और उसकी कनपटी पर कट्टा अड़ाकर गोली मार दी। गोली सिर के आर-पार निकल गई, जिससे राजाराम की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई। भागकर बचे कीरथ ने तुरंत इस पूरी घटना की जानकारी घर पहुंचकर परिजनों को दी।
25 साल पुराना है जमीनी विवाद
परिजनों ने सीधा आरोप लगाया है कि हत्या करने वाले उनके अपने ही परिवार के लोग हैं, जिनसे लंबे समय से जमीन को लेकर रंजिश चल रही है। वालादीन ने चिंता, साधु, नंदी, धनी और अरविंद यादव सहित अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों के मुताबिक, दोनों परिवारों के बीच पिछले 25 साल से जमीन का विवाद चला आ रहा है और करीब 10 साल पहले भी इसी जमीन को लेकर गंभीर मारपीट हुई थी।
15 दिन पहले ही राजस्थान से आया था मृतक
बताया गया है कि मृतक राजाराम राजस्थान के झुंझुनूं में मजदूरी का काम करता था और करीब 15 दिन पहले ही अपने गांव तिलवा आया था। उसकी पत्नी और तीन बेटियां फिलहाल राजस्थान में ही हैं, जबकि दो बेटियां गांव में थीं। इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद से पूरे गांव में भारी तनाव का माहौल बना हुआ है। सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।

Next Post

सार्वजनिक वितरण प्रणाली को बेहतर बनाने के लिए 25530 करोड़ रुपये की सार्थक पीडीएस योजना को मंत्रिमंडल की मंजूरी

Wed May 27 , 2026
नयी दिल्ली 27 मई (वार्ता) सरकार ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली को बेहतर बनाने तथा उसमें सुधार के उद्देश्य से 25530 करोड़ रुपये की सार्थक जन वितरण प्रणाली ‘सार्थक पीडीएस’ को बुधवार को मंजूरी दे दी। सार्थक पीडीएस एक व्यापक योजना है जिसमें राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत खाद्यान्नों की […]

You May Like