सऊदी अरब में भारत के अगले राजदूत होंगे विपुल, सुहैल खान की लेंगे जगह; जानें उनका शानदार करियर ग्राफ

भारतीय राजनयिक विपुल को सऊदी अरब साम्राज्य में भारत का अगला राजदूत नियुक्त किया गया है। 1998 बैच के आईएफएस अधिकारी विपुल, डॉ. सुहैल एजाज खान का स्थान लेंगे।

भारत सरकार ने सऊदी अरब के साथ अपने रणनीतिक संबंधों को और मजबूती देने के लिए एक महत्वपूर्ण नियुक्ति की है। बिहार के मूल निवासी विपुल को सऊदी अरब साम्राज्य में भारत का अगला राजदूत नियुक्त किया गया है। वह वर्तमान में रियाद में राजदूत के रूप में कार्यरत डॉ. सुहैल एजाज खान की जगह लेंगे। डॉ. सुहैल खान, जो मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं और 2023 से वहां सेवा दे रहे हैं, अपना कार्यकाल पूरा कर जल्द ही भारत लौटेंगे।

कौन हैं राजनयिक विपुल?
राजनयिक विपुल 1998 बैच के भारतीय विदेश सेवा (IFS) अधिकारी हैं और उनके पास राजनयिक करियर का बड़ा अनुभव है। सऊदी अरब की जिम्मेदारी संभालने से पहले, उन्होंने 17 अगस्त 2023 से कतर में भारत के राजदूत के रूप में कार्य किया है। उन्होंने अपने करियर में काहिरा, कोलंबो, जिनेवा और दुबई स्थित भारतीय दूतावासों में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दी हैं।

महत्वपूर्ण पदों और शिक्षा का सफर
विपुल का शैक्षणिक और पेशेवर रिकॉर्ड अत्यंत प्रभावशाली रहा है। उन्होंने 1994 में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT), दिल्ली से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक किया और इसके बाद हैदराबाद के इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस (ISB) से एमबीए की उपाधि प्राप्त की।

विदेश मंत्रालय में उन्होंने कई अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं:
2014-2017: विदेश मंत्रालय में निदेशक/संयुक्त सचिव।
2017-2020: दुबई में भारतीय महावाणिज्यदूत।
2020-2023: विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव (खाड़ी क्षेत्र)।

उनका अनुभव राजनीति, व्यापार, विकास, निरस्त्रीकरण और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा जैसे कई बड़े मुद्दों में है।

भारत-सऊदी अरब रणनीतिक संबंधों
विपुल की यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब भारत-सऊदी अरब के संबंध एक ऐतिहासिक और रणनीतिक मोड़ पर हैं। दोनों देशों के बीच सहयोग ऊर्जा, रक्षा, आतंकवाद-रोधी प्रयासों और प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में निरंतर बढ़ रहा है। सऊदी अरब भारत के प्रमुख ऊर्जा साझेदारों में से एक है, जहां से भारत अपनी तेल और गैस की जरूरतों का एक बड़ा हिस्सा आयात करता है।

वर्ष 2010 में रणनीतिक साझेदारी और बाद में ‘स्ट्रेटजिक पार्टनरशिप काउंसिल’ की स्थापना ने द्विपक्षीय सहयोग को एक मजबूत संस्थागत आधार प्रदान किया है। नए राजदूत के रूप में विपुल के कंधों पर इन बहुआयामी संबंधों को और अधिक ऊंचाइयों पर ले जाने की जिम्मेदारी होगी।

Next Post

प्रताडना से तंग आकर फांसी पर लटकी थी दीक्षा, ससुर और पति गिरफ्तार

Wed Jun 3 , 2026
शिवपुरी: जिले के बामौरकला थाना सीमा में महिला की मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति और ससुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि विवाह के बाद से महिला को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था, जिससे परेशान होकर उसने आत्मघाती कदम उठाया।न्यायालय से जेल […]

You May Like