
जबलपुर। घमापुर थाना अंतर्गत सतपुड़ा रेल्वे ट्रैक पर ट्रेन से कटकर हुई युवक की मौत की गुत्थी सुलझाने मंगलवार को परिजनों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। परिजनों ने आरोप लगाया कि युवक की हत्या कर रेल्वे ट्रैक पर शव को फेंका गया है।
वितिद हो कि साहिल पासी 22 वर्ष निवासी सदर का रांझी स्थित एक दुकान में काम करता था। 22 मई को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। परिजनों ने रांझी थाने में 23 मई को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी । इसके बाद पुलिस ने सीडीआर निकलवाई तो लोकेशन सतपुड़ा ट्रेस हुई थी। पुलिस ने घमापुर थाने में पतासाजी की तो यह बात सामने आई कि एक युवक ट्रेन से कटा था पीएम के बाद शव को चौहानी मुक्तिधाम में दफना दिया गया है। परिजन साहिल की खोज खबर थाने पहुंचे जहां रेल्वे ट्रैक पर कटे मृतक की वीडियो, फोटो परिजनों को दिखाई गई थी तो उन्होंने उसकी पहचान कर ली थी। 29 मई को परिजन घमापुर थाने पहुंचे थे जहां उन्होंने शव की मांग करते हुए प्रदर्शन किया था । 30 मई को कब्र खोदी गई थीइसके बाद शव को परिजनों के सुपुर्द किया गया था। जिसके बाद चौहानी मुक्तिधाम में हिंदू रीति रिवाज से अंतिम संस्कार हुआ था।
जय महाकाल संघ अंतरराष्ट्रीय बजरंग दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष कन्हैया तिवारी ने ने कहा कि पुलिस ने 7 दिन तक परिजनों को सूचित किए बिना शव को लावारिस बताकर दफना दिया थौ। यदि 7 दिन में निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो संगठन उग्र आंदोलन करेगा। परिजनों का आरोप है कि 22 मई से गुमशुदा साहिल की हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंका गया। वहीं घमापुर एवं रांझी थाना पुलिस पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने मामले की जांच कर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस अवसर पर मृतक की मां निशा पासी, बहन अपूर्वा पासी सहित संगठन के नीलू सोनकर, श्रीमती राधा तिवारी, संजय ढींगरा, आशीष विश्वकर्मा, सोनू सतनामी, सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
