आईपीएल 2026 फाइनल में अंपायर पर आइस बैग फेंकने के कारण आरसीबी के टिम डेविड पर 50% जुर्माना लगा और वह आईपीएल 2027 का पहला मैच नहीं खेल पाएंगे। रजत पाटीदार ने कप्तानी में रचा इतिहास।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के स्टार बल्लेबाज टिम डेविड पर उनकी मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। इसके साथ ही वह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2027 का पहला मुकाबला नहीं खेल पाएंगे। डेविड आईपीएल 2026 के फाइनल के दौरान ‘आचार संहिता’ के ‘लेवल-1’ उल्लंघन के दोषी पाए गए, जिसके चलते उनके खाते में दो डिमेरिट अंक जोड़ दिए गए हैं।
टिम डेविड ने रविवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में 17 गेंदों पर 24 रन बनाए थे। उन्हें ‘आचार संहिता’ के अनुच्छेद 2.9 के उल्लंघन का दोषी माना गया। यह अनुच्छेद मैच के दौरान किसी खिलाड़ी, टीम अधिकारी, अंपायर, मैच रेफरी या किसी अन्य व्यक्ति की ओर अनुचित अथवा खतरनाक तरीके से गेंद या क्रिकेट उपकरण (जैसे पानी की बोतल) फेंकने से संबंधित है।
क्यों मिली सजा?
यह घटना खिताबी मुकाबले की पहली पारी के 10वें ओवर में हुई। एक विकेट गिरने के बाद डेविड ने मैदान पर मौजूद अंपायर नितिन मेनन की दिशा में आक्रामक अंदाज में ‘आइस बैग’ फेंक दिया। मैच रेफरी जवागल श्रीनाथ ने यह सजा सुनाई, क्योंकि डेविड ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए प्रस्तावित दंड को मान लिया था।
पहला आईपीएल मुकाबला नहीं खेल सकेंगे टिम डेविड
यह मौजूदा सीजन में डेविड का तीसरा ‘लेवल-1’ अपराध रहा। इससे पहले उन्होंने सीजन के 20वें मैच में भी नियमों का उल्लंघन किया था, जिसके लिए उन्हें एक डिमेरिट प्वाइंट मिला था। वहीं मैच संख्या 54 में एक और गलती के कारण उनके खाते में दो डिमेरिट प्वाइंट जुड़े थे। ताजा कार्रवाई के बाद उनके कुल डिमेरिट प्वाइंट्स की संख्या 5 हो गई है।
आईपीएल की ‘आचार संहिता’ के अनुसार, किसी खिलाड़ी के 5 डिमेरिट प्वाइंट्स होने पर उसे एक मैच का निलंबन झेलना पड़ता है। यही कारण है कि टिम डेविड अगले सीजन अपनी टीम का पहला आईपीएल मुकाबला नहीं खेल सकेंगे। आईपीएल 2026 में उन्होंने 16 मैचों में 305 रन बनाए थे।
कप्तान पाटीदार ने रचा इतिहास
रविवार को खेले गए फाइनल में गुजरात टाइटंस ने 8 विकेट पर 155 रन का स्कोर खड़ा किया। जवाब में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 18 ओवर में लक्ष्य हासिल कर मुकाबला जीत लिया। रजत पाटीदार ने अपने पहले दो सीजन में ही आईपीएल खिताब जीतने वाले पहले कप्तान बनकर नया रिकॉर्ड बनाया। वह महेंद्र सिंह धोनी (2010 और 2011) तथा रोहित शर्मा (2019 और 2020) के बाद लगातार दो बार आईपीएल ट्रॉफी जीतने वाले तीसरे कप्तान भी बन गए।
