
जबलपुर। नवरात्र की नवमी पर सुरक्षा की चौकसी बढ़ा दी गई। चाक चौबंद व्यवस्थाएं की गई। 70 अधिकारियों के साथ 1500 से अधिक का फोस तैनात रहा। चप्पे-चप्पे पर पुलिस की पैनी नजर रही। संवदेनशील क्षेत्रों जैसे कोतवाली, हनुमानताल, लार्डगंज, गोहलपुर, ओमती समेत अन्य में सुरक्षा का सख्त पहरा रहा। सादे कपड़ों में भी पुलिस फोर्स की तैनाती रही । इसके अलावा सीसीटीव्ही कैमरों और ड्रोन के जरिए भी निगरानी हुई। दुर्गोत्सव पर्व पर साम्प्रदायिक सौहार्द एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने थाना प्रभारी से लेकर चौकी प्रभारी भी अपने-अपने क्षेत्र में निरंतर गश्त करने के साथ पेट्रोलिंग एवं सतत निगरानी करते रहे। जिले के सभी प्रमुख दुर्गा पंडालों पर विशेष नजर रखी गई। प्रमुख मंदिरों एवं भीड़भाड़ वाले स्थलों पर अतिरिक्त फोर्स की तैनाती रही। बड़ी खेरमाई , बूढ़ी खेरमाई , त्रिपुर सुन्दरी मंदिर भेड़ाघाट, शारदा मंदिर बरेला आदि मंदिरों में महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर महिला पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की भी विशेष ड्यूटी लगाई गई।
कलेक्टर-एसपी ने लिया जायजा
कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने सोमवार को देर शाम शहर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर नवरात्र के दौरान की गई यातायात और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
भ्रमण के दौरान कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक सराफा बाजार, नुनहाई, सुनरहाई, गढा फाटक और उपनगरीय क्षेत्र रांझी के उन स्थानों पर भी पहुँचे जहाँ माँ दुर्गा के दर्शन करने श्रद्धालुओं की सर्वाधिक भीड़ होती है। उन्होंने यहाँ सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे पुलिस अधिकारियों और जवानों से भी भेंट की तथा उनकी कर्तव्य परायणता की सराहना कर हौसला बढ़ाया।
नवरात्र पर शहर की यातायात और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक का भ्रमण देर रात 9.30 बजे के बाद भी जारी रहा।
दशहरा मुख्य चल समारोह को लेकर बना ट्रैफिक प्लान-
दशहरा मुख्य चल समारोह के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। मुख्य जुलूस मार्ग तीन पत्ती चौक से प्रारम्भ होकर, मढ़ाताल तिराहा, मालवीय चौक, सुपर मार्केट लॉर्डगंज थाना तिराहा, घमण्डी चौक, बड़ा फुहारा, कमानिया गेट, सराफा चौक, थाना कोतवाली, राजा रसगुल्ला, मिलौनीगंज, घोड़ा नक्काश, हनुमानताल, विसर्जन स्थल तक रहेगा। जुलूस मार्ग के सभी पॉइंटों पर यातायात का बल लगाया जाकर समस्त प्रकार के वाहनों का प्रवेश मुख्य चल समारोह के दौरान प्रतिबंधित किया गया है। इस दौरान डायवर्सन पॉइंट भी बने है। सभी डायवर्सन पॉइंटों में सायं 5 बजे से डायवर्सन व्यवस्था प्रांरभ होकर जुलूस समाप्ति तक रहेगा। चल समारोह के दौरान जुलूस के मुख्य मार्ग पर प्रवेश नहीं कर पाएँगे।
यहां से वाहन नहीं कर पाएंगे प्रवेश
छोटी लाइन फाटक की ओर से कोई भी बड़े और मध्यम वाहन ब्लूम चौक की ओर न जाकर बंदरिया क्रॉसिंग, कपूर क्रॉसिंग, मेडिकल की ओर जा सकेंगे। ब्लूम चौक से तीन पत्ती की ओर चल समारोह तैयार होने के पश्चात् सभी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। ये वाहन जबलपुर हॉस्पिटल से रसल चौक होते हुए स्टेशन आदि स्थानों की ओर जा सकेंगे अथवा आदित्य अस्पताल, मानस भवन, रानीताल, लेबर चौक होकर दीनदयाल की ओर जा सकेंगे। तीन पत्ती चौक, मालवीय चौक, सुपर मार्केट, बड़ा फुहारा, सराफा चौक, मिलौनीगंज चौक, घोड़ा नक्काश, हनुमानताल तक का मार्ग सभी प्रकार के वाहनों के लिए जुलूस निकलते समय प्रतिबंधित रहेगा। जुलूस मार्ग के दोनों ओर के चौराहों, तिराहों से वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा। हाईकोर्ट, कलेक्ट्रेट कार्यालय से गढ़ा, मदनमहल की ओर जाने वाला ट्रैफिक पुल नंबर 04, गोरखपुर होकर जा सकेगा।.इसी प्रकार गोरखपुर से आधारताल जाने वाला ट्रैफिक छोटी लाइन फाटक, दशमेश द्वार, मदनमहल अंडर ब्रिज, रानीताल चौक, लेबर चौक होकर जा सकेगा।
