
मंदसौर। मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंदसौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय ड्रग्स तस्कर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 20 किलो अवैध ब्राउन शुगर (स्मैक) बरामद कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल तथा सीएसपी जितेंद्रसिंह भास्कर के मार्गदर्शन में थाना नई आबादी पुलिस ने मुखबिर सूचना के आधार पर घेराबंदी कर कार्रवाई की। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 20 किलो ब्राउन शुगर, दो चार पहिया वाहन एवं सात मोबाइल फोन बरामद किए गए।
जप्त सामग्री में एक सुजुकी एस-क्रॉस कार, एक हुंडई क्रेटा कार (कुल कीमत लगभग 33 लाख रुपए) तथा 2.50 लाख रुपए मूल्य के सात मोबाइल फोन शामिल हैं। आरोपियों के विरुद्ध थाना नई आबादी में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/21/29 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अंतर्राज्यीय स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय थे। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों, सप्लायर नेटवर्क तथा वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नई आबादी उप निरीक्षक कुलदीप सिंह राठौर, उप निरीक्षक विनय बुंदेला, साइबर सेल के प्रधान आरक्षक आशीष बैरागी, आरक्षक मनीष बघेल, मुज्जफरउद्दीन एवं नई आबादी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
