
सिंगरौली । जिला एमेच्योर कुश्ती संघ सिंगरौली की बैठक संघ के अध्यक्ष एसडी सिंह के मार्गदर्शन में सत्या इंटरनेशनल होटल में आयोजित की गई।
बैठक में आगामी संभाग स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता के आयोजन पर चर्चा के साथ-साथ शासकीय महाविद्यालय बरगवां में पदस्थ वरिष्ठ क्रीड़ा अधिकारी एवं जिला कुश्ती संघ के सचिव डॉ. विनोद कुमार राय का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मान समारोह आयोजित किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि संभाग स्तरीय पुरुष वर्ग कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन 13 एवं 14 जून को काइट्स राइज पब्लिक स्कूल में फ्लड लाइट व्यवस्था के साथ कराया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य संभाग के पहलवानों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना तथा भविष्य के खिलाड़ि़यों को तैयार करना है। इस अवसर पर वर्ल्ड मास्टर्स पावर गेम्स में छ: स्वर्ण पदक जीतकर सिंगरौली, म.प्र. और देश का नाम रोशन करने वाले डॉ. विनोद कुमार राय का सम्मान किया गया। जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष एसडी सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमित राज, उपाध्यक्ष सुखचैन शुक्ला, कोषाध्यक्ष नटवर भाई, सहसचिव डॉ. प्रदीप कच्छवाहा, डॉ. अजीत राय, राम सजीवन शाह, मीडिया प्रभारी सुनील जायसवाल, रोहित शाह तथा जवाहर यादव ने संयुक्त रूप से उन्हें पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। सम्मान समारोह में वक्ताओं ने डॉ. राय की उपलब्धि को जिले के खेल इतिहास की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। अध्यक्ष एसडी सिंह ने कहा कि डॉ. राय का समर्पण और संघर्ष युवा खिलाड़ि़यों के लिए प्रेरणा है। अपने उद्बोधन में डॉ. विनोद कुमार राय ने सम्मान के लिए सभी पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उन्हें आगे और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।
