भैरूंदा। आत्मनिर्भर दिव्यांग सेवा समितिद्वारा कृषक संगोष्ठी भवन में दिव्यांगजनों के हितों को लेकर एक कार्यक्रम संपन्न हुआ. जिसमें जिले भर के सैकड़ों दिव्यांगजन शामिल हुए.
इस दौरान दिव्यांगों के लिए स्वरोजगार, सहायक उपकरण, पेंशन वृद्धि और विशेष भवन निर्माण जैसी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं. कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष मारुति शिशिर, पार्षद कैलाश धावरे, पंकज सोलंकी, सीएमओ रामप्रसाद भावरे संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष उमा चौरसिया, सचिव कमलेश राठौर, उपाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, सलाहकार श्रवण कुमार वास्तवार मौजूद रहे.
नगर परिषद अध्यक्ष मारुति शिशिर ने कहा कि केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के सहयोग से दिव्यांगजनों को स्वरोजगार से जोडऩे, दिव्यांग पेंशन में वृद्धि कराने, सहयोग राशि उपलब्ध कराने तथा ट्राइसाइकिल, इलेक्ट्रिक व्हीकल और अन्य सहायक उपकरण दिलाने के प्रयास किए जाएंगे.
उन्होंने घोषणा की कि भैरूंदा में आगामी 26 जनवरी तक दिव्यांगजनों के लिए एक विशेष भवन का निर्माण कराया जाएगा. इस भवन में रोजगारोन्मुख गतिविधियां संचालित की जाएंगी, जिससे दिव्यांगजन आत्मनिर्भर बन सकें.
इस अवसर पर दिव्यांग महिलाओं को स्वरोजगार के लिए सिलाई मशीनों का वितरण भी किया गया. इससे महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनने का अवसर मिलेगा और वे अपने परिवार की आय में योगदान दे सकेंगी. कार्यक्रम में यह भी आश्वासन दिया गया कि जिन दिव्यांगजनों को अभी तक ट्राइसाइकिल, इलेक्ट्रिक वाहन अथवा अन्य आवश्यक सहायता नहीं मिल पाई है, उन्हें जल्द से जल्द सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयास किए जाएंगे.
