गरीब, युवा, नारी और किसान को केंद्र में रखकर योजनायें बना रही है सरकार: योगी

मऊ, 29 मई (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार गरीब, युवा, नारी और अन्नदाता किसान को केंद्र में रखकर योजनाएं बना रही है और इन चार वर्गों का उत्थान होने पर भारत दुनिया में अग्रणी राष्ट्र बन जाएगा।

मऊ जिले के मधुबन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में सरकार बनने और वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार आने के बाद विकास की योजनाओं को नई गति मिली। उन्होंने कहा कि सरकार केवल चार “जातियों” — गरीब, युवा, नारी और किसान — को ध्यान में रखकर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने गरीबों के लिए 65 लाख आवास बनवाए और दो करोड़ 75 लाख शौचालयों का निर्माण कराया। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में ऐसी योजनाएं धरातल पर नहीं उतर सकीं।

उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार गरीबों को मुफ्त राशन उपलब्ध करा रही है, जबकि पहले गरीबों का राशन बिचौलिये और गुंडे खा जाते थे। आयुष्मान भारत योजना के तहत 10 करोड़ लोगों को स्वास्थ्य कार्ड उपलब्ध कराए गए हैं और उनका निशुल्क उपचार कराया जा रहा है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2005 में मऊ दंगों का गवाह बना था, जब रामलीला जैसे धार्मिक कार्यक्रमों में भी विघ्न डाला गया और पूरे प्रदेश में दंगा, अपराध और कर्फ्यू का माहौल था। उन्होंने कहा कि उस दौर में प्रदेश के युवाओं की पहचान संकट में पड़ गई थी और दूसरे राज्यों में भी उत्तर प्रदेश के युवाओं को सम्मान नहीं मिलता था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में बदलाव का दौर शुरू हुआ। हालांकि 2014 से 2017 के बीच केंद्र सरकार की योजनाओं को उत्तर प्रदेश में प्रभावी ढंग से लागू नहीं होने दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के साथ हर परिस्थिति में खड़ी है। यदि किसी किसान या खेतिहर मजदूर के साथ दुर्घटना होती है, तो सरकार 24 घंटे के भीतर पांच लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराती है।

उन्होने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार गरीब, युवा, महिला और किसानों की सुरक्षा एवं सम्मान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

सभा को प्रदेश सरकार के मंत्री गिरीश चंद्र यादव, ए.के. शर्मा, दारा सिंह चौहान और ओमप्रकाश राजभर समेत अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

 

Next Post

दो साल बाद टीम में वापसी पर यास्तिका: यह पारी बहुत ख़ास थी

Fri May 29 , 2026
चेम्सफोर्ड, 29 मई (वार्ता) घुटने की सर्ज़री के बाद वापसी कर रहीं यास्तिका भाटिया को लगा था कि वह फिर से एक नई शुरुआत कर रही हैं। लेकिन इंग्लैंड के ख़िलाफ़ पहले टी 20 में ऐसा लगा कि वह जैसे हमेशा से ही भारतीय बल्लेबाज़ी क्रम का हिस्सा रही हों। […]

You May Like