न्यू चंडीगढ़, 28 मई (वार्ता) आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुक़ाबले में सनराइज़र्स हैदराबाद के ख़िलाफ़ 29 गेंदों पर 97 रनों की पारी खेलने वाले वैभव सूर्यवंशी ने इस पारी में कई रिकॉर्ड अपने नाम किए लेकिन वह इस टूर्नामेंट में क्रिस गेल के नाम 30 गेंदों पर सबसे तेज़ शतक का रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए। हालांकि मुक़ाबले के बाद सूर्यवंशी ने कहा कि उन्हें पारी के बाद पता चला कि उनसे यह रिकॉर्ड मिस हो गया।
सूर्यवंशी ने कहा, “मुझे आउट होने के बाद पता चला कि मैंने सबसे तेज़ शतक का रिकॉर्ड मिस कर दिया है। मेरा फ़ोकस छक्के लगाने पर था। मैं शतक तो आगे भी लगा सकता हूं लेकिन कोशिश यही रहती है कि टीम के लिए जितना हो सके योगदान दे सकूं।”
सूर्यवंशी ने अपनी पारी में कुल 12 छक्के और पांच चौके जड़े। सूर्यवंशी गेल के सबसे तेज़ आईपीएल शतक से तो चूक गए लेकिन अपनी इस पारी में सूर्यवंशी ने आईपीएल के एक सीज़न में सर्वाधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड बनाते हुए गेल को पछाड़ दिया।
सूर्यवंशी से जब मैच से पहले उनकी तैयारी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, “मैं गेंदबाज़ों के बारे में ज़्यादा नहीं सोचता हूं और केवल अपना गेम खेलने की कोशिश करता हूं। जहां तक मैच से पहले तैयारी का सवाल है, तो मैं एनालाइज़ करता हूं कि कैसे गेंदबाज़ों का सामना करना है, बाउंड्री का लेंथ जज करता हूं। जब मैं अच्छे इंटेंट के साथ खेलता हूं तो फिर गेंदबाज़ दबाव में आ जाते हैं। अपने प्लान पर काम करता हूं और अगर कोई कमज़ोरी होती है तो फिर उसे दूर करने की कोशिश करता हूं। मैं यह नहीं देखता कि विरोधी टीम मेरे ख़िलाफ़ क्या प्लान कर रही है। मेैं केवल अपने प्लान के हिसाब से खेलता हूं और नॉर्मल क्रिकेट खेलने की कोशिश करता हूं।”
इस जीत के साथ RR क्वालीफ़ायर-2 में पहुंच गई है और अब फ़ाइनल में पहुंचने के लिए उनके सामने गुजरात टाइटंस (जीटी) की चुनौती होगी जिनसे वह शुक्रवार को न्यू चंडीगढ़ में ही भिड़ेंगे। सूर्यवंशी ने कहा कि अगले मुक़ाबले में भी उनकी टीम इसी इंटेंट के साथ उतरेगी।
सूर्यवंशी ने कहा, “हम जब जीत हासिल करते हैं तो फिर वो पॉज़िटिव इंटेंट आगे लेकर जाते हैं और अगले मैच में अच्छा करने की कोशिश करते हैं। हम इसी तरह से अगला मैच जीतकर फ़ाइनल में जाने की कोशिश करेंगे।”
