मुंबई, 28 मई (वार्ता) सोनी सब के लोकप्रिय धारावाहिक यादें में आने वाले एपिसोड्स में दर्शकों को एक बेहद भावनात्मक और दिल छू लेने वाला ट्रैक देखने को मिलेगा, जहां डॉ. देव मेहता की खोई हुई यादों को वापस लाने के लिए डॉ. वाणी एक खास प्रयास करती नजर आएंगी। शो में डॉ. देव मेहता का किरदार इकबाल खान निभा रहे हैं, जो पिछले आठ वर्षों की यादें खोने के बाद अपने अतीत के टुकड़ों को जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। इसी दौरान अस्पताल में चल रहे रहस्यमयी मेडिकल केस और चुनौतियों के बीच कहानी और भी भावनात्मक मोड़ ले लेती है। वहीं डॉ. वाणी का किरदार सृष्टि सिंह निभा रही हैं, जो लगातार इस उम्मीद के साथ खड़ी रहती हैं कि एक दिन डॉ. देव उन्हें और अपने बीते रिश्ते को याद कर पाएंगे। कहानी में एक अहम मोड़ तब आता है जब डॉ. देव को डॉ. वाणी से जुड़ी एक पुरानी याद अचानक आंशिक रूप से याद आती है, जिससे वाणी के भीतर नई उम्मीद जगती है।
इस उम्मीद को मजबूत करने के लिए डॉ. वाणी अपने दोस्त डिग्गी के साथ मिलकर उस खास पल को दोबारा रचने का फैसला करती हैं, जब डॉ. देव ने उन्हें प्रपोज़ किया था। सेट, माहौल और भावनाओं को हूबहू दोबारा तैयार कर वह कोशिश करती हैं कि डॉ. देव अपने अतीत और भावनाओं से फिर से जुड़ सकें।डिग्गी का किरदार अर्जुन पुंज निभा रहे हैं, जो इस योजना में वाणी का साथ देते नजर आएंगे। आने वाले ट्रैक पर बात करते हुए सृष्टि सिंह ने कहा कि डॉ. वाणी ने भावनात्मक रूप से काफी कुछ सहा है और इसके बावजूद वह डॉ. देव के साथ मजबूती से खड़ी रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वाणी की सबसे बड़ी ताकत उसकी भावनात्मक परिपक्वता और धैर्य है, जिसने उन्हें इस किरदार से गहराई से जोड़ दिया है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या यह दोबारा रचा गया भावनात्मक पल डॉ. देव को उनकी खोई यादें और डॉ. वाणी के प्रति उनके पुराने एहसास वापस दिला पाएगा या नहीं। शो यादें का प्रसारण हर सोमवार से शनिवार, रात 8 बजे, सिर्फ सोनी सब पर किया जाता है।

