भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेश भर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बीते एक सप्ताह में विभिन्न जिलों में कार्रवाई करते हुए 80 लाख रुपए से अधिक मूल्य के अवैध नशीले पदार्थ एवं संपत्ति जब्त की है। पुलिस ने कहा कि युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
सबसे बड़ी कार्रवाई मंदसौर जिले में सामने आई, जहां नारायणगढ़ थाना पुलिस ने अंतर्राज्यीय डोडाचूरा तस्करी गिरोह पर कार्रवाई करते हुए 252 किलो डोडाचूरा, एक देशी पिस्टल, कार और मोबाइल फोन जब्त किए। पुलिस के अनुसार आरोपी भागने के दौरान पुलिस पर फायरिंग कर फरार होने का प्रयास कर रहे थे। जब्त संपत्ति की अनुमानित कीमत 20.51 लाख रुपए बताई गई है।
गुना जिले के मृगवास थाना पुलिस ने राजस्थान से अफीम की तस्करी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर एक किलो से अधिक अफीम और मोटरसाइकिल बरामद की। वहीं अलग कार्रवाई में चार गांजा तस्करों को 10 किलो से अधिक गांजा के साथ पकड़ा गया। दोनों मामलों में कुल जब्ती 18 लाख रुपए से अधिक रही।
भोपाल क्राइम ब्रांच ने ट्रेन के जरिए घरेलू सामान की आड़ में 36 किलो गांजा लाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच महिलाओं सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार किया।
इसके अलावा शिवपुरी, राजगढ़, सीधी, रीवा, शहडोल, दमोह, मैहर, नरसिंहपुर और अनूपपुर जिलों में भी स्मैक, गांजा और प्रतिबंधित कफ सिरप की बड़ी खेप जब्त की गई। पुलिस ने आमजन से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत नजदीकी थाने या डायल-112 पर देने की अपील की है।
