इछावर। नगर के मुख्य बस स्टैंड पर मंगलवार को दिनदहाड़े दो पक्षों के बीच हुए विवाद का वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई. वीडियो में कुछ युवक सरेआम बेल्ट, लोहे की चेन और लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं.
स्थानीय लोगों का कहना है कि बस स्टैंड पर इस तरह की घटनाएं अब आम होती जा रही हैं. यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए गए प्रतीक्षालय और सुलभ कॉम्प्लेक्स पर असामाजिक तत्वों का कब्जा हो चुका है. लोगों का कहना है कि दिनभर शराब के नशे में युवक यहां जमा रहते हैं, जिससे आम नागरिकों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है. बस स्टैंड का माहौल महिलाओं और छात्राओं के लिए भी चिंता का विषय बन गया है. यहां से गुजरने वाली स्कूली और कॉलेज छात्राओं के साथ अभद्र टिप्पणियां किए जाने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं. छात्राओं का कहना है कि सुरक्षा के दावे केवल कागजों तक सीमित हैं. न तो यहां एंटी-रोमियो स्क्वाड की मौजूदगी दिखाई देती है और न ही पुलिस की नियमित गश्त होती है. ऐसे में महिलाएं और छात्राएं बस स्टैंड पर खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं.
