मई में चार बार में छह रुपये महंगी हुई सीएनजी

नयी दिल्ली, 26 मई (वार्ता) राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के शहरों में मंगलवार को सीएनजी दो रुपये प्रति किलोग्राम महंगी हो गयी।

दिल्ली और आसपास के शहरों में सीएनजी की आपूर्ति करने वाली सिटी गैस वितरण कंपनी इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड के अनुसार, दिल्ली में अब एक किलोग्राम सीएनजी की कीमत 83.09 रुपये हो गयी है। पहले इसकी कीमत 81.09 रुपये प्रति किलोग्राम थी।

दूसरे शहरों में भी सीएनजी के दाम में दो रुपये प्रति किलोग्राम की वृद्धि की गयी है।

सीएनजी की कीमतों में इस महीने यह चौथी बढ़ोतरी है। इससे पहले 15 मई को इसके दाम दो रुपये और 17 मई तथा 23 मई को एक-एक रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ाये गये थे। इस प्रकार चार बार में इसके दाम छह रुपये बढ़ गये हैं।

दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद में एक किलोग्राम सीएनजी आज से 91.70 रुपये का हो गया है। गुरुग्राम में इसकी कीमत अब 88.12 रुपये हो गयी है।

अब मुजफ्फरनगर, मेरठ और शामली में सीएनजी 91.58 रुपये प्रति किग्रा, रेवाड़ी में 87.70 रुपये, करनाल में 87.43, कैथल में 88.43 रुपये तथा कानपुर, हमीरपुर और फतेहपुर में 94.42 रुपये प्रति किग्रा के भाव मिलेगी।

अजमेर, पाली और राजसमंद में अब सीएनजी की कीमत 92.44 रुपये, मोहाबा, बांदा और चित्रकूट में 89.42 रुपये, हापुड़ में 92.70 रुपये तथा गौतमबुद्ध नगर में 91.70 रुपये और ग्रेटर नोएडा में 91.70 रुपये प्रति किलोग्राम होगी।

उल्लेखनीय है कि पश्चिम एशिया संकट के बीच आपूर्ति बाधित होने से घरेलू बाजार में पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की खुदरा कीमतों में लगातार वृद्धि की जा रही है। गत 15 मई से अब तक पेट्रोल की कीमत 7.35 रुपये और डीजल की 7.53 रुपये प्रति लीटर बढ़ायी गयी है।

 

 

Next Post

दिल्ली के डीआरडीओ परिसर में चाेर वैज्ञानिक के घर से 50 लाख रुपये का सोना, नकदी चुराकर फरार

Tue May 26 , 2026
नयी दिल्ली, 26 मई (वार्ता) राष्ट्रीय राजधानी के तिमारपुर इलाके स्थित रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) परिसर में चोरी की घटना सामने आयी है, जहां चोरों ने कथित तौर पर एक वैज्ञानिक के आवास का ताला तोड़कर करीब 45 से 50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, विदेशी […]

You May Like