नयी दिल्ली, 26 मई (वार्ता) राष्ट्रीय राजधानी के तिमारपुर इलाके स्थित रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) परिसर में चोरी की घटना सामने आयी है, जहां चोरों ने कथित तौर पर एक वैज्ञानिक के आवास का ताला तोड़कर करीब 45 से 50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, विदेशी मुद्रा और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
यह घटना डीआरडीओ परिसर स्थित राम नारायण साइंटिस्ट हॉस्टल में हुई।
तिमारपुर थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार चारों ने घर के तीन ताले तोड़े और बाद में स्टील की अलमारी को क्षतिग्रस्त कर उसमें रखे कीमती सामान लेकर फरार हो गये। शिकायतकर्ता सीमा गौतम ने बताया कि वह अपनी बेटी और पति से मिलने चंडीगढ़ गयी थीं, जहां उनके पति वर्तमान में तैनात हैं। उनकी अनुपस्थिति में पड़ोसियों ने घर के टूटे हुए ताले देखे और उन्हें घटना की सूचना दी।
पुलिस में दर्ज की गयी शिकायत के अनुसार चोर पीछे की ओर के ताले तोड़कर घर में घुसे और करीब 280 ग्राम सोने के आभूषण तथा लगभग 300 ग्राम चांदी के जेवर चोरी कर ले गये। शिकायत में कहा गया है कि चोरी हुए सामान में नेकलेस सेट और कान की बाली, छह चूड़ियां, चेन, अंगूठियां, बच्चों के आभूषण, चांदी की पायल, चांदी के सिक्के, दो महंगी घड़ियां, 20 पाउंड और 50 दिरहम सहित विदेशी मुद्रा तथा 15 हजार रुपये नकद शामिल हैं।
शिकायतकर्ता ने पत्र में कहा कि इस चोरी की घटना से उनके परिवार को भारी आर्थिक और मानसिक क्षति हुई है। उन्होंने पुलिस से मामले की तत्काल जांच कर प्रकरण की प्रगति से नियमित रूप से अवगत कराने की मांग की है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
