कार की टक्कर से बाइक सवार दंपति की मौत, चालक वाहन छोड़ फरार

हरिद्वार, (वार्ता) उत्तराखंड में हरिद्वार के मंगलौर क्षेत्र में गंगनहर पटरी मार्ग पर सोमवार देर शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दंपति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा लिब्बरहेड़ी गांव के पास उत्तम शुगर मिल के सामने हुआ, जहां तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और बाइक सवार पति-पत्नी सड़क किनारे स्थित गहरी खाई में जा गिरे। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को खाई से बाहर निकाला। मृतकों की पहचान लाडला अली (37) एवं उनकी पत्नी गुलफ्शा (30), निवासी ग्राम कम्हेडा तुगलकपुर, जनपद मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। बताया गया कि दंपति निजी कार्य से उत्तराखंड आए थे और देर शाम अपने घर लौट रहे थे।

हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

इंस्पेक्टर भगवान महर के अनुसार फरार चालक की तलाश की जा रही है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर दुर्घटना के कारणों और आरोपी वाहन चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए रुड़की सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है।

 

Next Post

पीरागढ़ी हत्याकांड सुलझा: बाहरी दिल्ली पुलिस ने 48 घंटे के भीतर दो नाबालिगों समेत चार आरोपियों को किया गिरफ्तार

Tue May 26 , 2026
नयी दिल्ली, 26 मई (वार्ता) बाहरी दिल्ली पुलिस ने 60 वर्षीय सुरक्षा गार्ड विजेंद्र की सनसनीखेज हत्या का मामला सुलझा लिया है और घटना के 48 घंटे के भीतर दो नाबालिगों समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपियों ने कथित तौर पर पहचान से […]

You May Like