
भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सोमवार को मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड के छात्रवृत्ति कार्यक्रम के तहत 850 मेधावी विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप वितरित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वक्फ बोर्ड शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है और विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार सकारात्मक पहल की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बोर्ड ने अपनी आय में वृद्धि करते हुए छात्रवृत्ति वितरण जैसे महत्वपूर्ण कार्य को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया है, जो सराहनीय उपलब्धि है। उन्होंने मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सनवर पटेल को इस पहल के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को शिक्षा के प्रति प्रेरित करते हुए उन्हें भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। सरकार ने शिक्षा को सामाजिक सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए विद्यार्थियों के हित में निरंतर प्रयास जारी रखने की बात कही।
