भीषण गर्मी से सड़कों पर अघोषित कर्फ्यू जैसे हालात

जबलपुर :संस्कारधानी सहित पूरे संभाग में इन दिनों भीषण गर्मी ने जनजीवन को बेहाल कर दिया है। मार्तंड की प्रचंडता के चलते सुबह 11 बजते ही लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर होना पड़ रहा है। दोपहर में सड़कों में जहाँ अघोषित कर्फ्यू जैसा माहौल नजर आ रहा है तो वहीं रात 12 बजे के बाद भी छतों पर रखी टंकियां गर्म पानी उगल रहीं हैं। दिन में भीषण गर्मी से बचने और शरीर में पानी का स्तर बरकरार रखने के लिए गन्ने का रस, छाछ, जलजीरा, लस्सी जैसे अन्य ठंडे पेय पदार्थ का सहारा लिया जा रहा है लेकिन कभी भी हो रही बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें और भी बढ़ा दी हैं।

स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान. 43.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो सामान्य से दो डिग्री अधिक था जबकि न्यूनतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो सामान्य से दो डिग्री अधिक था। वातावरण में सुबह 34 तथा शाम को 22 प्रतिशत आद्रता आंकलित की गई। इस दौरान पश्चिमी हवाएं 6 किलोमीटर की रफ्तार से बहतीं रहीं। मौसम विज्ञानियों के अनुसार आगामी 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहेगा। जिले में कहीं-कहीं लू चलने का अंदेशा व्यक्त किया गया है।

Next Post

500 वर्ष प्राचीन जगदीश मंदिर में बढ़ा असामाजिक तत्वों का जमावड़ा

Mon May 25 , 2026
जबलपुर: संस्कारधानी के ऐतिहासिक व 500 वर्ष प्राचीन श्री जगदीश मंदिर (गढ़ाफाटक) परिसर में असामाजिक तत्वों द्वारा मर्यादाएं तार-तार की जा रही हैं। मंदिर प्रांगण में बिना प्रबंध न्यासी की अनुमति के नियम विरुद्ध तरीके से कार, ऑटो, टेम्पो, ई-रिक्शा, छोटा हाथी, ट्रैक्टर और हाथ ठेला जैसे वाहन अवैध रूप […]

You May Like

Play sound