ईरान परमाणु हथियार नहीं बना रहा हैः मसूद पेजेशकियन

तेहरान, 24 मई (वार्ता) ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने रविवार को कहा कि उनका देश अंतरराष्ट्रीय समुदाय को यह भरोसा दिलाने के लिए पूरी तरह तैयार है कि वह परमाणु हथियार नहीं बना रहा है।

श्री पेजेशकियन ने ईरान के सरकारी प्रसारक ‘इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग’ (आईआरआईबी) से कहा कि ईरान कूटनीति और क्षेत्रीय स्थिरता के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, “हम दुनिया को यह आश्वस्त करने के लिए तैयार हैं कि हम परमाणु हथियार नहीं चाहते हैं और न ही क्षेत्र में कोई अशांति फैलाना चाहते हैं।”

इजरायल पर निशाना साधते हुए ईरानी राष्ट्रपति ने कहा कि पश्चिम एशिया में युद्ध और असुरक्षा का मुख्य स्रोत ईरान नहीं, बल्कि इजरायल है, जो क्षेत्र में अस्थिरता और युद्ध को जीवित रखने का कोई मौका नहीं छोड़ता। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि ईरानी वार्ताकार देश की गरिमा और सम्मान से कभी समझौता नहीं करेंगे।

ईरान का रुख है कि परमाणु अप्रसार संधि (एनपीटी) के तहत ऊर्जा उत्पादन, चिकित्सा अनुसंधान और वैज्ञानिक प्रगति के लिए परमाणु तकनीक विकसित करना उसका कानूनी अधिकार है।

इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया मंच ट्रूथ सोशल पर कहा कि बातचीत व्यवस्थित और सकारात्मक तरीके से आगे बढ़ रही है। उन्होंने अपने प्रतिनिधियों को निर्देश दिया है कि वे समझौते के लिए जल्दबाजी न करें क्योंकि समय अमेरिका के पक्ष में है।

श्री ट्रंप ने दोहराया कि जब तक समझौता नहीं हो जाता, तब तक ईरानी बंदरगाहों की अमेरिकी नाकेबंदी पूरी तरह लागू रहेगी और ईरान को यह समझना होगा कि वह परमाणु हथियार या बम विकसित नहीं कर सकता।

इससे पहले, अमेरिकी राष्ट्रपति ने संकेत दिए थे कि अमेरिका और ईरान के बीच समझौते की रूपरेखा काफी हद तक तैयार हो चुकी है और होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोला जाएगा, जिससे पिछले कई महीनों से जारी युद्ध के समाप्त होने की उम्मीद जगी है।

सूत्रों के मुताबिक, यह समझौता दो चरणों में पूरा हो सकता है। पहले चरण में ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य को युद्ध-पूर्व स्थिति की तरह जहाजों की आवाजाही के लिए खोलेगा, सुरक्षा सुनिश्चित करेगा और परमाणु हथियार न बनाने का भरोसा देगा। इसके बदले ईरान को तेल और ईंधन बेचने की अनुमति मिलेगी। वहीं, दूसरे चरण में अगले 30 से 60 दिनों के भीतर परमाणु मुद्दे और अन्य व्यापक विषयों पर विस्तृत बातचीत की जाएगी।

 

 

Next Post

यूएनएससी की चेतावनी, परिवर्तन योजना के बिना हमेशा के लिए अधर में लटक सकता है गाजा

Sun May 24 , 2026
न्यूयॉर्क, 24 मई (वार्ता) संयुक्त राष्ट्र (यूएन) के एक वरिष्ठ दूत ने सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) को आगाह किया कि अगर अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने अपनी ‘परिवर्तन योजना’ पर तेजी से काम नहीं किया, तो यह क्षेत्र हमेशा के लिए तबाही के दलदल में धंस सकती है। मध्य पूर्व शांति प्रक्रिया के […]

You May Like