नीमच: जिले के जावद थाना क्षेत्र के रूपपुरा गांव में दुखद हादसा सामने आया है। यहां एक तालाब में डूबने से 8 वर्षीय बालक की मौत हो गई। मृतक कुछ दिन पहले ही मौसी के घर आया हुआ था। मृतक बालक की पहचान कुंदन (8), पिता शिवलाल भील, निवासी ढोलपुरा के रूप में हुई है। कुंदन लगभग 8 दिन पहले अपने गांव ढोलपुरा से रूपपुरा अपनी मौसी के घर रहने आया था।
शाम तक नहीं लौटने पर पानी में खोजा गया
कल दोपहर वह गांव में बनी तलाई पर नहाने गया था। जब काफी देर तक कुंदन घर नहीं लौटा और आसपास नहीं दिखा, तो परिजनों को चिंता हुई। परिवार और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की
तलाई के पास पहुंचने पर आशंका के आधार पर पानी में ढूंढा गया, जहां कुंदन अचेत अवस्था में पानी में डूबा हुआ मिला। परिजनों ने तुरंत उसे पानी से बाहर निकाला और जावद सरकारी अस्पताल ले गए। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही जावद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। आज रविवार सुबह नीमच जिला अस्पताल में मृतक बालक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है, ताकि हादसे के कारणों और परिस्थितियों का पता चल सके। मासूम की मौत के बाद से ढोलपुरा और रूपपुरा दोनों गांवों में शोक का माहौल है।
