बमीठा: बमीठा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। यहाँ बमीठा पावर हाउस के पास किराए के मकान में रहने वाली 3 वर्षीय मासूम बच्ची आरती अहिरवार की पानी से भरे टैंक में गिरने के कारण मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
पानी पीने मटके के पास गई थी बच्ची
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक मासूम आरती अपने माता-पिता और 6 बहनों के साथ किराए के मकान में रहती थी। यह परिवार मजदूरी कर अपना जीवन यापन करता है। रविवार सुबह करीब 5 बजे जब घर के सभी लोग सो रहे थे, तभी मासूम आरती बाथरूम जाने के लिए उठी थी। इसी दौरान वह पानी पीने के लिए मटके के पास पहुंची, जो कि एक जर्जर और जंग लगे पानी के टैंक के ढक्कन पर रखा हुआ था। बताया जा रहा है कि जैसे ही बच्ची वहां पहुंची, टैंक का कमजोर ढक्कन टूट गया और वह सीधे पानी से भरे टैंक के अंदर गिर गई।
एक सप्ताह पहले ही आए थे किराए से
कुछ देर बाद जब बच्ची की मां सपना अहिरवार की नींद खुली तो बेटी बिस्तर पर नहीं मिली। परिजनों ने तत्काल उसकी तलाश शुरू की, तो मासूम पानी के टैंक के अंदर पाई गई। घटना के तुरंत बाद परिजन आनन-फानन में बच्ची को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के मुताबिक, वे करीब एक सप्ताह पहले ही इस मकान में किराए से रहने के लिए आए थे। इस हादसे के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। जिस घर में मासूम आरती की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब सिर्फ चीख-पुकार और सन्नाटा रह गया है।
