इंदौर:देवी अहिल्या बाई होल्कर एयरपोर्ट पर शुक्रवार शाम बड़ा हादसा टल गया. दिल्ली से इंदौर आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-2592 तकनीकी खराबी के कारण लगातार दो बार लैंड नहीं कर सकी. विमान के लैंडिंग गियर में समस्या आने से पायलट को दोनों बार विमान को वापस हवा में ले जाना पड़ा.शाम करीब 4.10 बजे पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को लैंडिंग गियर में खराबी की जानकारी दी, जिसके बाद एयरपोर्ट पर इमरजेंसी घोषित कर दी गई.
सीआईएसएफ, फायर ब्रिगेड और एयरपोर्ट प्रशासन की टीमें तुरंत अलर्ट मोड पर आ गईं और सुरक्षा इंतजाम बढ़ा दिए गए. तनावपूर्ण माहौल के बीच पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए तीसरे प्रयास में विमान की सुरक्षित लैंडिंग करा दी. घटना के दौरान एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन सभी यात्री सुरक्षित रहे. यह विमान बाद में मुंबई रवाना होना था। तकनीकी जांच और सुधार के बाद मुंबई के लिए रवाना हुई।
