सोहागपुर। देश में रसोई गैस संकट के चलते प्रशासन द्वारा घरेलू गैस सिलेंडर के व्यावसायिक उपयोग पर सख्ती बढ़ा दी गई है। इसी क्रम में सेमरी हरचंद में एसडीएम प्रियंका भलावी ने कार्रवाई करते हुए दो घरेलू गैस सिलेंडर जब्त कर प्रकरण दर्ज किए हैं। जानकारी के अनुसार प्रेम नारायण कुशवाहा द्वारा एचपी गैस तथा रजनी कुशवाहा द्वारा भारत गैस के घरेलू सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था। मौके पर पंचनामा बनाकर कार्रवाई की गई।
कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति बंद होने से छोटे दुकानदारों और ठेला संचालकों की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है। सोहागपुर एसडीएम कार्यालय के सामने चाय-नाश्ते की दुकान चलाने वाले कई लोगों ने दुकानें बंद कर दी हैं।
एसडीएम प्रियंका भलावी ने दुकानदारों से सरकार की गाइडलाइन का पालन करते हुए वैकल्पिक ईंधन जैसे कोयला, लकड़ी या अन्य साधनों का उपयोग करने की अपील की है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सेमरी हरचंद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भी दौरा कर एचपीवी टीकाकरण की प्रगति की समीक्षा की।
