बीजिंग, 23 मई (वार्ता) उत्तरी चीन की एक कोयला खदान में गैस विस्फोट होने से कम से कम 90 लोगों की मौत हो गयी है। इस हादसे में दर्जनों लोग जख्मी हुए हैं और कुछ लोग अब भी लापता हैं। यह हादसा शुक्रवार देर रात शांक्सी प्रांत में चांग्झी शहर के पास स्थित लियुशेन्यू कोयला खदान में उस वक्त हुआ, जब लगभग 247 खनिक जमीन के नीचे काम कर रहे थे। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, माना जा रहा है कि खदान के भीतर कार्बन मोनोऑक्साइड का स्तर सुरक्षा मानकों से काफी ऊपर चला गया था, जिसके चलते यह जोरदार धमाका हुआ। बचाव अधिकारियों ने बताया कि शनिवार दोपहर तक नौ मजदूर अब भी मलबे में फंसे हुए थे और उन्हें निकालने के लिए बड़े पैमाने पर खोज और बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
सरकारी प्रसारक ‘चाइना सेंट्रल टेलीविजन’ ने बताया कि घायल हुए कई लोग जहरीली गैस की चपेट में आ गये हैं। शुरुआती खबरों में मरने वालों की तादाद कम बतायी गयी थी, लेकिन जैसे-जैसे शवों को बाहर निकालने का काम आगे बढ़ा, मृतक संख्या में इजाफा होता गया।
चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने अधिकारियों को घायलों के इलाज और बचाव कार्य में ‘कोई कोर-कसर न छोड़ने’ का हुक्म दिया है। इसके साथ ही उन्होंने हादसे की पूरी जांच करने और इसके लिए जिम्मेदार लोगों की सख्त जवाबदेही तय करने की बात कही है।
अधिकारियों ने खदान का संचालन करने वाली कंपनी ‘शांक्सी टोंगझोउ कोल एंड कोक ग्रुप’ से जुड़े आला अधिकारियों को हिरासत में ले लिया है। खबरों के मुताबिक, चीन के राष्ट्रीय खदान सुरक्षा नियामक ने साल 2024 में ही गैस का स्तर बढ़े होने के कारण लियुशेन्यू खदान को बेहद संवेदनशील और खतरनाक घोषित किया था। सालाना करीब 12 लाख टन उत्पादन क्षमता वाली यह खदान शांक्सी में स्थित है, जो चीन का सबसे बड़ा कोयला उत्पादक इलाका है। इस क्षेत्र में सुरक्षा लिहाज से खदान हादसे लगातार बड़ी चिंता बने हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि विस्फोट की असली वजहों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

