भोपाल: नौतपा शुरू होने से पहले ही मध्यप्रदेश में गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। प्रदेश के अधिकांश हिस्से भीषण गर्मी और गर्म हवाओं की गिरफ्त में आ गए हैं। मौसम विभाग ने आज शनिवार और कल रविवार को 42 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी करते हुए लोगों को दोपहर के समय विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। बुंदेलखंड क्षेत्र के टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना में स्थिति ज्यादा गंभीर होने के कारण रेड अलर्ट घोषित किया गया है।
लगातार बढ़ते तापमान ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण बाजारों और सड़कों पर आवाजाही कम दिखाई दे रही है। दोपहर के समय हालात ऐसे बन रहे हैं कि लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। धूप से बचने के लिए लोग छाते, गमछे और चेहरे को ढंकने वाले कपड़ों का इस्तेमाल कर रहे हैं।
कल छतरपुर जिले का नौगांव प्रदेश का सबसे गर्म स्थान दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। खजुराहो में पारा 46.4 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। इसके अलावा टीकमगढ़ और सतना में 44.5 डिग्री, दतिया में 44.4 डिग्री तथा दमोह और नरसिंहपुर में 44.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। राजगढ़ और सागर में भी तापमान 44 डिग्री के आसपास बना रहा।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दो-तीन दिनों तक गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं। ग्वालियर-चंबल, सागर और रीवा संभाग के कई जिलों में तेज लू चलने की संभावना जताई गई है। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर 12 से 4 बजे के बीच धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।
