जबलपुर: झुलसा देने वाली भीषण गर्मी में जनता की समस्याओं को लेकर भूख हड़ताल पर डटीं डॉ. ज़ाहिद हुसैन वार्ड की पार्षद मुकीमा व उनके पति याकूब अंसारी ने गुरूवार को अनशन तोड़ दिया है। दमोह नाका जोन में अनशनरत पार्षद दम्पत्ति अपने वार्ड एवं मुस्लिम इलाकों की बदहाली को लेकर मंगलवार से भूख हड़ताल शूरू की थी। गुरूवार को ही पार्षद दम्पत्ति ने धमकी दी थी कि 24 घण्टे के भीतर समस्याओं के समाधान का ठोस आश्वासन नहीं मिले तो अन्न् के बाद जल भी त्याग देंगे.
इस धमकी का असर हुआ। गुरूवार की शाम नगर निगम के कार्यपालन यंत्री कमलेश श्रीवास्तव पूर्व क्षेत्र के विधायक लखन घनघोरिया के साथ अनशन स्थल पर पहुँचे और पार्षद को इस बात का भरोसा दिलाया कि नगर निगम प्रशासन ने उनकी सभी मांगो को मान लिया है जिन पर जल्द ही क्रियान्वयन किया जाएगा। निगम अधिकारियों की ठोस पहल के बाद अनशन समाप्त कर दिया गया है।
जनता के लिए जान देने तैयार
तीन दिन से अन्न त्यागने के कारण पार्षद मुकीमा याकूब अंसारी की हालत ठीक नहीं है. निगम प्रशासन द्वारा उनकी मांगों को मान लिए जाने के भरोसे के बाद उन्होंने भूख हड़ताल तो खत्म कर दी है, लेकिन इस बात को दोहराया है कि वादे के मुताबिक जन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो जनता के लिए वह हर कुर्बानी देने के लिए तैयार हैं चाहें उन्हें जान क्यों ना देना पड़े।
