भोपाल: मोहन सरकार की मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा योजना को लेकर मध्यप्रदेश भाजपा के प्रवक्ता डॉ हितेश बाजपेई ने इसे प्रदेश के पब्लिक ट्रांसपोर्ट सेक्टर के लिए गेमचेंजर पहल बताया है। उन्होंने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि योजना के पहले चरण में 1,164 मार्गों पर 5,206 बसों के संचालन से प्रदेश में कनेक्टिविटी को बड़ा विस्तार मिलेगा।
डॉ बाजपेई के अनुसार इस योजना से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच आवागमन बेहतर होगा, साथ ही रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह पहल आधुनिक, सुरक्षित और तकनीक आधारित परिवहन व्यवस्था विकसित करने की दिशा में राज्य सरकार की दूरदर्शी सोच को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि स्मार्ट रूट प्लानिंग, बेहतर फ्लीट मैनेजमेंट और अंतिम छोर तक कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के जरिए प्रदेश में ईज ऑफ ट्रैवल का नया मॉडल स्थापित किया जाएगा। डॉ बाजपेई ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत विजन को आगे बढ़ाते हुए मध्यप्रदेश अब परिवहन क्षेत्र में भी नई पहचान बनाने की ओर बढ़ रहा है।
