
सीधी।भारत के पूर्व प्रधानमंत्री, सूचना क्रांति के जनक एवं भारत रत्न राजीव गांधी की 35वीं पुण्यतिथि के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा पुराने बस स्टैंड में विचार संगोष्ठी एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं आमजनों ने स्वर्गीय राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनके योगदान को स्मरण किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने की। इस अवसर पर उन्होंने श्रद्धांजलि व्यक्त करते हुए कहा कि स्वर्गीय राजीव गांधी ने भारत को आधुनिक तकनीक, कंप्यूटर और दूरसंचार के क्षेत्र में नई दिशा प्रदान की। उन्होंने गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं को मजबूत बनाने के लिए अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए। ज्ञान सिंह ने कहा कि आज देश में जो सूचना एवं तकनीकी क्रांति दिखाई दे रही है, उसकी मजबूत नींव राजीव गांधी ने ही रखी थी।
उन्होंने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था को सशक्त बनाने, युवाओं को मतदान का अधिकार 18 वर्ष की आयु में दिलाने तथा देश को 21वीं सदी की ओर ले जाने का सपना राजीव गांधी ने देखा था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उनके विचारों एवं सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लेना चाहिए।
विचार संगोष्ठी में उपस्थित अन्य वक्ताओं ने भी राजीव गांधी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें दूरदर्शी नेता बताया। वक्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी ने देश में आधुनिक भारत की अवधारणा को मजबूत किया तथा विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में भारत को नई पहचान दिलाई।
कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष सहकारी बैंक राजेंद्र भदौरिया , संगठन महासचिव ज्ञानेंद्र अग्निहोत्री सहित भारी संख्या में कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी, ब्लॉक, मंडलम एवं सेक्टर अध्यक्ष पदाधिकारी, विभिन्न सहयोगी प्रकोष्ठ एवं संगठनों के अध्यक्ष पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। सभा के अंत में सभी ने राजीव गांधी के बताए मार्ग पर चलने एवं देश की एकता, अखंडता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प लिया।
