​जागरूकता, जांच और समय पर उपचार से ही संभव है सिकल सेल का उन्मूलन: राज्यपाल मंगुभाई पटेल

सौंसर: प्रदेश राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि सिकल सेल एनीमिया जैसी गंभीर आनुवांशिक बीमारी को जागरूकता, समय पर जांच और व्यवस्थित उपचार के माध्यम से पूरी तरह नियंत्रित एवं समाप्त किया जा सकता है। जानकारी के अभाव में यह बीमारी माता-पिता से बच्चों तक पहुंच जाती है, लेकिन समय रहते जांच कराने और स्वास्थ्य सावधानियां अपनाने से इसके प्रसार को रोका जा सकता है।​राज्यपाल श्री पटेल गुरुवार को सौंसर विधानसभा के अंतर्गत वन ग्राम आमला में आयोजित ‘राष्ट्रीय सिकल सेल उन्मूलन मिशन-2047’ कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।
वर्ष 2047 तक भारत को सिकल सेल मुक्त बनाने का संकल्प-
​अपने संबोधन में राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि पांढुरना जिले में सिकल सेल बीमारी के उन्मूलन के लिए सराहनीय कार्य किया जा रहा है। यह बीमारी विशेष रूप से जनजातीय क्षेत्रों में बच्चों, युवाओं और माताओं को प्रभावित करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को सिकल सेल मुक्त बनाने का संकल्प लिया है और उसी दिशा में यह अभियान एक मजबूत कदम है। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर इस दिशा में गंभीरता से कार्य कर रही हैं तथा देशभर में अब तक 7 करोड़ से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। उन्होंने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबके प्रयास” के माध्यम से इस बीमारी को जड़ से खत्म करने का आह्वान किया।
विवाह से पहले स्वास्थ्य कार्ड मिलाना जरूरी
राज्यपाल ने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि विवाह से पूर्व लड़का और लड़की दोनों के स्वास्थ्य कार्ड (सिकल सेल जेनेटिक स्टेटस कार्ड) का मिलान अवश्य किया जाए, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि आने वाली पीढ़ी सुरक्षित रहे। उन्होंने मरीजों से नियमित उपचार कराने और संतुलित जीवनशैली अपनाने का आग्रह करते हुए कहा कि एलोपैथी के साथ-साथ आयुर्वेद और होम्योपैथी में भी इसका उपचार उपलब्ध है।
​टीबी मरीजों को संबल और मिलेट्स अपनाने की सलाह -*
​सिकल सेल के साथ ही राज्यपाल ने टीबी के मरीजों को भी ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित दवाई का सेवन करने से टीबी पूरी तरह ठीक हो जाती है। इसके साथ ही उन्होंने सभी को अपने दैनिक भोजन में ‘मिलेट्स’ (मोटे अनाज) का उपयोग करने की सलाह दी, जो स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी है।
​बेटियों की शिक्षा और पीएम आवास योजना की सराहना –
​राज्यपाल ने सभी अभिभावकों से अपने बच्चों, विशेषकर बेटियों को उच्च शिक्षा दिलाने का आग्रह करते हुए कहा कि शिक्षा ही प्रगति और सफलता का सबसे बड़ा माध्यम है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जब वे हितग्राहियों के पक्के मकानों में जाते हैं, तो लोग भावुक होकर बताते हैं कि कैसे उनका पक्के घर का सपना पूरा हुआ है। उन्होंने क्षेत्र के सांसद द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों और जिले में लगाए गए स्वास्थ्य शिविरों की भी खुलकर प्रशंसा की।
​मंच पर ये रहे मौजूद-
​कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय सरपंच श्रीमती वंदना वासनिक ने की। इस अवसर पर क्षेत्रीय सांसद विवेक बंटी साहू, विधायक विजय चौरे, विधायक नीलेश उइके, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय पुन्हर, जनपद अध्यक्ष संजय भूते, पूर्व मंत्री नाना भाऊ मोहड़, जिला पंचायत सदस्य संदीप मोहड़ सहित कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ, पुलिस अधीक्षक प्रकाश चंद्र परिहार एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी व गणमान्य नागरिक मंचासीन व उपस्थित रहे।
आदिवासी राजू धुर्वे के घर किया भोजन-
कार्यक्रम के पश्चात राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने खूंटाबा पहुंचकर स्थानीय आदिवासी श्री राजू धुर्वे के निवास पर अत्यंत सादगी के साथ भोजन किया।
​परंपरागत आदिवासी नृत्य के साथ स्वागत-
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर स्कूली छात्रों और स्थानीय कलाकारों ने पारंपरिक आदिवासी नृत्य के साथ राज्यपाल का आत्मीय स्वागत किया।
​चमत्कारिक हनुमान जी की प्रतिकृति भेंट
पांढुरना कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ ने राज्यपाल श्री पटेल को जिले के प्रसिद्ध प्रसिद्ध धार्मिक स्थल जामसांवली के चमत्कारिक श्री हनुमान जी की प्रतिकृति स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट की।
​सांसद व कलेक्टर ने व्यक्त किए विचार
सांसद विवेक बंटी साहू ने कहा कि राज्यपाल के मार्गदर्शन में सिकलसेल मुक्ति का यह अभियान जन-आंदोलन बन रहा है। वहीं कलेक्टर ने बताया कि तीन साल पूर्व अस्तित्व में आया यह नया जिला अब शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास के हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। कार्यक्रम में राज्यपाल मंगूभाई पटेल को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

Next Post

थाने के पास कचरे में लगी आग, रुई गोदाम तक पहुंचने से पहले बुझाई

Thu May 21 , 2026
इंदौर: परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में देर रात कचरे के ढेर में भीषण आग लग गई. पास ही रुई का गोदाम होने से बड़ा हादसा टल गया. फायर ब्रिगेड ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया.घटना परदेशीपुरा थाने के पास की है. देर रात करीब 2 […]

You May Like