मोदी-शाह ने देश की अर्थव्यवस्था को कमजोर करने का काम किया: राहुल

रायबरेली, 20 मई (वार्ता) लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रायबरेली दौरे के दूसरे दिन बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर देश की आर्थिक व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाया। राही ब्लॉक के लोधवारी में महाबली वीरा पासी की प्रतिमा के अनावरण के बाद आयोजित ‘बहुजन स्वाभिमान जनसभा’ में उन्होने कहा, “ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने संविधान पर हमला किया है। हमारे देश को बेचने का काम किया है। वे गद्दार हैं। देश की जनता को त्याग और बचत की सलाह दी जा रही है, जबकि सत्ता में बैठे लोग विलासिता का जीवन जी रहे हैं।”

उन्होंने आरोप लगाया कि आम लोगों को सोना न खरीदने, विदेश यात्राएं कम करने और इलेक्ट्रिक वाहन अपनाने की सलाह दी जाती है, लेकिन सरकार के शीर्ष नेता स्वयं महंगे विमानों से विदेश यात्राएं करते हैं। देश की जनता अब सब कुछ समझ चुकी है और सरकार की नीतियों का असर आम लोगों पर पड़ रहा है।

श्री गांधी ने एक बार फिर देश में “आर्थिक तूफान” आने की आशंका जताई। उन्होने दावा किया कि आने वाले समय में खाद, पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस, दाल और चावल जैसी जरूरी वस्तुओं के दाम और बढ़ सकते हैं। देश की आर्थिक बुनियाद के साथ खिलवाड़ किया गया है, जिसका असर आम जनता को भुगतना पड़ेगा।

सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि पेट्रोल और गैस की कोई कमी नहीं है, इसके बावजूद कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने दावा किया कि देश से पेट्रोल बाहर भेजा जा रहा है और उससे होने वाले लाभ का इस्तेमाल राजनीतिक फंडिंग में किया जा रहा है।

राहुल गांधी ने कहा कि यदि आर्थिक हालात और बिगड़ते हैं तो सरकार जिम्मेदारी से बचने की कोशिश करेगी, लेकिन इसके लिए केंद्र की नीतियां जिम्मेदार होंगी। जनसभा में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Next Post

रुपया 97 प्रति डॉलर के करीब

Wed May 20 , 2026
मुंबई, 20 मई (वार्ता) अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया बुधवार को 16 पैसे टूटकर 96.86 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ। सुबह कारोबार शुरू होने के कुछ देर बाद ही रुपया 97 प्रति डॉलर के एकदम करीब पहुंच गया था। यह पहली बार 96.9575 रुपये प्रति डॉलर तक गिर गया […]

You May Like