युवा एथलीटों ने सचिन तेंदुलकर के साथ किया मैदान साझा

अहमदाबाद, 19 मई (वार्ता) अहमदाबाद में एसआरटी10 एल्टेवॉल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्पोर्ट्स एकेडमी में प्रेरक और भावुक कर देने वाला अवसर देखने को मिला, जब क्रिकेट के महान खिलाड़ी, सचिन तेंदुलकर ने एकेडमी में प्रशिक्षण ले रहे युवा एथलीटों के साथ समय बिताया। इस विशेष कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बच्चों, माता-पिताओं और उभरते क्रिकेटरों के साथ बातचीत की।

तेंदुलकर ने क्रिकेट से जुड़ी गतिविधियों और अनौपचारिक सत्रों के लिए बच्चों के साथ मैदान पर उतरकर, युवा एथलीटों को अनुशासन, धैर्य और खेल के ज़रिये सीखने की खुशी को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। उनके इस संवाद ने एकेडमी में जमा हुए प्रशिक्षुओं और उनके परिवारों को प्रेरित किया। यहां आए कई लोगों ने इस अनुभव को जीवन में कभी-कभार मिलने वाला अवसर बताया।

सचिन तेंदुलकर ने इस कार्यक्रम के बाद कहा, “बच्चों के लिए यह सबसे महत्वपूर्ण नहीं है कि वे शुरुआत कहां से करते हैं, बल्कि यह अधिक ज़रूरी है कि उन्हें आगे बढ़ने का अवसर मिलता है या नहीं। पिछले कुछ साल में, मैंने यह महसूस किया है कि भारत में खेल का भविष्य इस बात से तय होगा कि हम ज़मीनी स्तर के खेल के परितंत्र में कितनी गंभीरता से निवेश करते हैं और बच्चों को बगैर किसी डर या दबाव के खेल का आनंद लेने के लिए कितना प्रोत्साहित करते हैं। जब बच्चे मैदान पर कदम रखते हैं, तो वे सिर्फ खेल के नियम ही नहीं सीखते, बल्कि वे अनुशासन, टीम वर्क, जुझारूपन और खुद पर विश्वास करना सीखते हैं। अहमदाबाद में इन युवा एथलीटों के बीच दिखी ऊर्जा और जिज्ञासा आशा की किरण की तरह है, और मुझे उम्मीद है कि इस तरह के मंच और भी कई बच्चों को खेल के ज़रिये सपने देखने के लिए प्रेरित करते रहेंगे।”

एसजी रोड पर वैष्णोदेवी सर्कल के पास शंकु फार्म में स्थित, एसआरटी10 एल्टेवॉल स्पोर्ट्स एकेडमी को इस साल की शुरुआत में लॉन्च किया गया था। यह एकेडमी लागातार वृद्धि दर्ज करते एसआरटी10 परितंत्र का अंग है, जिसका उद्देश्य है, पेशेवर कोचिंग, फिटनेस से जुड़ा बुनियादी ढांचा और एथलीटों के लिए समग्र प्रशिक्षण कार्यक्रमों के ज़रिये जमीनी स्तर पर खेल का विकास सुनिश्चित करना। नवी मुंबई में डीवाय पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में स्थित प्रमुख एसआरटी10 ग्लोबल एकेडमी के बाद, यह भारत में सचिन तेंदुलकर द्वारा समर्थित दूसरी ऐसी एकेडमी है।

एसआरटी10 एल्टेवॉल सेंटर ऑफ एक्सलेंस के मुख्य कार्यकारी, चिराग पटेल ने कहा, “आज हम सभी के लिए बेहद महत्वपूर्ण दिन था। सचिन तेंदुलकर के साथ मैदान साझा करने से खेल की बारीकी सीख रहे इन युवा को अपने सपनों पर भरोसा करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होने की प्रेरणा मिली। उनकी उपस्थिति ने उन मूल्यों – विनम्रता, कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर सुधार के प्रति प्रतिबद्धता – को जीवंत कर दिया जिनके लिए यह एकेडमी जानी जाती है। आज हमने जो ऊर्जा और उत्साह देखा, वह इन युवा एथलीटों के साथ लंबे समय तक बना रहेगा।”

इस दौरे ने अहमदाबाद जैसे उभरते शहरी केंद्रों में खेल के व्यवस्थित परितंत्र के बढ़ते महत्व को भी रेखांकित किया, जहां विश्व-स्तरीय प्रशिक्षण और मेंटरशिप तक बढ़ती पहुंच से खेल की संस्कृति को दिशा देने में मदद मिल रही है। एकेडमी सिर्फ तकनीकी कौशल पर ही ध्यान नहीं देती, बल्कि यह आत्मविश्वास बढ़ाने, अनुशासन, मानसिक मज़बूती और एथलीटों के दीर्घकालिक विकास पर भी समान रूप से ध्यान देती है।

अहमदाबाद और आस-पास के क्षेत्रों से आए बच्चों और उनके माता-पिताओं ने इस संवाद में भाग लिया। इस कार्यक्रम से पूरे क्षेत्र में युवा प्रतिभाओं के लिए सार्थक खेल अवसर पैदा करने के प्रति एकेडमी की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को बल मिला।

 

 

 

 

 

 

Next Post

मां ने एक वर्षीय मासूम बेटे के साथ कुएं में कूदकर दी जान, बक्सवाहा में दिल दहला देने वाली घटना

Tue May 19 , 2026
बक्सवाहा:जिले के बक्सवाहा विकासखंड अंतर्गत नैनागिर पुलिस चौकी के ग्राम शेखसेमरा में एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहाँ एक 24 वर्षीय विवाहिता ने अपने महज एक वर्षीय मासूम बेटे के साथ कुएं में कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस हृदयविदारक घटना के बाद […]

You May Like