भर्ती परीक्षाओं में बार-बार फीस क्यों? MP युवा कांग्रेस ने छेड़ा वन टाइम फीस (OTF) अभियान

भोपाल। मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस ने सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय इंदिरा भवन में राज्य स्तरीय “वन टाइम फीस” (ओटीएफ) अभियान की शुरुआत करते हुए भाजपा सरकार पर युवाओं और छात्रों की उपेक्षा का आरोप लगाया। संगठन ने कहा कि यह अभियान अब प्रदेशभर में जिला स्तर तक चलाया जाएगा और छात्रों के बीच व्यापक जनसंपर्क किया जाएगा।

पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष यश घनघोरिया ने आरोप लगाया कि भाजपा की सरकारें लगातार युवाओं के भविष्य और अधिकारों के साथ खिलवाड़ कर रही हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में किए गए वादे पूरे नहीं किए गए, जिससे बेरोजगार युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों में भारी निराशा है।

घनघोरिया ने कहा कि प्रस्तावित ओटीएफ व्यवस्था के तहत अभ्यर्थियों को राज्य सरकार की सभी भर्ती परीक्षाओं के लिए केवल एक बार परीक्षा शुल्क देना होगा। इससे आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों पर पड़ने वाला वित्तीय बोझ कम होगा। उन्होंने बताया कि इस मांग को लेकर युवा कांग्रेस अब जिला स्तर पर अभियान चलाएगी और छात्रों के बीच संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

आंदोलन के अगले चरण में 17 जून 2026 को ग्वालियर में “रन फॉर ओटीएफ” मैराथन आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रदेशभर से युवाओं की भागीदारी रहने की संभावना है।

युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय महासचिव मितेंद्र दर्शन सिंह ने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वर्ष 2023 में प्रदेश में ओटीएफ लागू करने का वादा किया था, लेकिन भाजपा सरकार उसे अब तक लागू नहीं कर सकी।

मीडिया विभाग के अध्यक्ष अभिज्ञान शुक्ला ने कहा कि अभियान को जनआंदोलन का रूप देने के लिए सभी जिलों में प्रेस वार्ताएं और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

 

 

Next Post

भोपाल में 30 मई तक किसानों की बनेगी फार्मर आईडी,18+ के लिए आधार सत्यापन के निर्देश

Tue May 19 , 2026
भोपाल। समय सीमा कार्य की समीक्षा बैठक हुई. बैठक मे कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीएम जनमन एवं धरती आबा योजना के अंतर्गत जिले के भानपुर केकडिय़ा ग्राम में राष्ट्रव्यापी अभियान जनभागीदारी – सबसे दूर सबसे पहले के तहत सोमवार से शुरू किया […]

You May Like