गुना: हड्डीमील क्षेत्र में बिजली विभाग की बड़ी और बेहद गंभीर लापरवाही सामने आई है। लाइनमैन द्वारा बिना उचित सुरक्षा और परमिट के एक मजदूर को खंभे पर चढ़ा दिया गया, जिसके कारण वह करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। गंभीर हालत में पीड़ित को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।जानकारी सामने आई है कि हड्डीमील क्षेत्र में बिजली कंपनी द्वारा ठेके पर बिजली के खंभों पर केबल डालने का काम चल रहा है।
इस काम के लिए ऊमरी निवासी मजदूर दीपक पुत्र रामदयाल सहरिया वहां पहुंचा था। मौके पर मौजूद बिजली विभाग के लाइनमैन ने दीपक को भरोसा दिलाया कि उसने लाइन का परमिट ले लिया है और लाइन बंद है। लाइनमैन के इसी आश्वासन पर भरोसा करके दीपक खंभे पर चढ़ गया।दीपक जैसे ही खंभे पर चढ़कर केबल बांधने लगा, अचानक चालू लाइन में करंट आ गया। झटका इतना जोरदार था कि दीपक के दोनों पैर, कमर और हाथ बुरी तरह जल गए और उसके शरीर में आग लग गई।
अपनी जान बचाने के लिए दीपक ने पूरी हिम्मत जुटाई और खंभे से खुद को झटका देकर नीचे गिरा दिया। ऊंचाई से नीचे गिरने के कारण उसे गंभीर चोटें भी आई हैं।घटना के तुरंत बाद ठेकेदार ने बिजली विभाग के ही वाहन से घायल दीपक को जिला अस्पताल पहुंचाया। इस बीच, खुद को फंसता देख आरोपी लाइनमैन मौके से फरार हो गया। इस खौफनाक हादसे की खबर सुनते ही दीपक की मां, गीताबाई सहरिया, गहरे सदमे में आ गईं और उनकी तबीयत भी अचानक बिगड़ गई। उन्हें भी इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है।
